कुशीनगर में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को दिलाई गई शपथ
कुशीनगर के पडरौना में बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह में राज्य सभा सदस्य शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि अपने अधिकारों के प्रति रहें गंभीर।
कुशीनगर: पडरौना जनपद सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी को न्यायालय परिसर में आयोजित सादे समारोह में एल्डर्स कमेटी के अध्यक्ष विध्यवासिनी प्रकाश त्रिपाठी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ लेने वालों में अध्यक्ष राम प्रकाश दीक्षित, महामंत्री त्रिपुरारी मिश्र, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेंद्र पांडेय, उपाध्यक्ष पिटू यादव व संदीप मणि, संयुक्त मंत्री परितोष शुक्ल, निलेश नंदन कश्यप, अनुराग मणि, कनिष्ठ उपाध्यक्ष सुचित कुमार मौतम, कोषाध्यक्ष राकेश मिश्र, कार्यकारिणी के सदस्य अंजनी कुमार चौधरी, रमेश यादव आदि शामिल रहे।
मुख्य अतिथि जिला जज संतोष कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि नई कार्यकारिणी अपने दायित्वों के निर्वहन के साथ बार व बेंच में सामंजस्य बनाए रखे ताकि वादकारियों को त्वरित न्याय मिल सके। विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सदस्य व भाजपा के मुख्य सचेतक शिव प्रताप शुक्ल ने पदाधिकारियों को अधिवक्ता हित में जुड़े रहने की बात कही। कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि सरकार अधिवक्ता हितों को लेकर लगातार कार्य कर रही है। बार कौंसिल के सदस्य मकसूदन तिवारी ने कहा कि नई कार्यकारिणी अधिवक्ता में हित कार्य करेगी, यही अपेक्षा है।
अध्यक्षता पूर्व अध्यक्ष महंथ गोपालदास व संचालन रामेंद्र सिन्हा ने किया। न्यायिक अधिकारियों में प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय विनय कुमार गुप्ता, विशेष न्यायाधीश शालिनी सागर, सिविल जज सीनियर डिवीजन शैलेश पांडेय समेत अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।
अध्यक्ष व महामंत्री पद पर होगा मतदान
तमकुहीराज बार एसोसिएशन का वार्षिक चुनाव 29 जनवरी को प्रस्तावित है। अध्यक्ष पद के लिए अशोक राय व सुनील श्रीवास्तव ने नामांकन दाखिल किया है। इसी तरह महामंत्री पद पर अवनीश मिश्र व उमेश वर्मा चुनाव मैदान में हैं। शेष सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन तय है।
चुनाव अधिकारीगण बीके मिश्र, नन्दलाल सिंह, एचएन सिंह, पुष्कर नाथ श्रीवास्तव व महाराणा प्रताप सिंह ने बताया कि सभी पर्चे वैध पाए गए हैं। मतदान वाले दिन ही परिणाम की घोषणा होगी।