उत्साह में डूबे युवा, बच्चों ने मचाई उछल कूद
होली के रंग में सभी रंग गए हैं। घर से लेकर बाजार तक होली का जश्न है। सोमवार को होलिका दहन के लिए सुबह से लेकर शाम तक लोगों में उत्साह रहा। शाम को होलिका जलाने के पूर्व गांवों में बच्चों की टोली ने सूखी लकड़ी उपले जुटाए फाग गए नाचे गाए उछल कूद मचाए और मुहूर्त के हिसाब से होलिका का दहन किया।
कुशीनगर : होली के रंग में सभी रंग गए हैं। घर से लेकर बाजार तक होली का जश्न है। सोमवार को होलिका दहन के लिए सुबह से लेकर शाम तक लोगों में उत्साह रहा। शाम को होलिका जलाने के पूर्व गांवों में बच्चों की टोली ने सूखी लकड़ी, उपले जुटाए, फाग गए, नाचे, गाए, उछल कूद मचाए और मुहूर्त के हिसाब से होलिका का दहन किया। हरियाली नहीं जलाने को लेकर हर कोई सतर्क रहा। सूखी लकड़ियां जुटा कर लोगों ने उत्साहित माहौल में बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक होलिका जलाया।
-----
..होली खेलें रघुवीरा अवध में .
जासं, राजापाकड़, कुशीनगर : बरवा राजापाकड़ के बहुरिया टोला के बाजार में ग्रामीणों ने होली गीत का आयोजन किया। उत्साहित लोगों ने एक दूसरे को अबीर-गुलाल लगाया। मंडली के गीत श्रोताओं में फाग रस का संचार कर गए।
हनुमान सरोवर तट पर स्थित रामजानकी-शिव मंदिर के महंत नारायण दास, हियुवा के तहसील संयोजक लाल बिहारी पटेल व बुजुर्ग विभूति ठाकुर की पहल पर फान गायन हुआ। ढोलक, झाल, हारमोनियम व पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से लोगों ने खूब मस्ती की। फाग गीतों पर श्रोता बसंत रस में सराबोर हो उठे। लालबिहारी पटेल, प्रमोद ठाकुर, सुरेश चैहान, सुरेंद्र, राजबली, नत्थु, जितेंद्र वर्मा आदि ग्रामीण मौजूद रहे।
------
अबीर गुलाल लगाकर मिले गले
जासं, तरयासुजान, कुशीनगर: सोमवार को परसौनी बुजुर्ग के मुसहर बस्ती में होली मिलन समारोह का आयोजन हुआ। किसान पीजी कालेज की प्रवक्ता डा. चंद्र प्रभा मिश्रा ने कहा होली के रंग आगे बढ़ने की सीख देने के साथ ही भाईचारा, प्रेम, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने की सीख देते हैं। मुसहरो की स्थिति को देख उन्हें शिक्षा के जरिए संवारने का संकल्प दोहराया। प्रवक्ता सुनील कुमार मिश्र, शिक्षक प्रहलाद केसरी, सामाजिक कार्यकर्ता माया शंकर निर्गुणायत, अजय कुशवाहा ने भी संबोधित किया। आयोजक मंकेश श्रीवास्तव ने आभार जताया। संतोष कुमार गुप्ता, आनंद मिश्र, संतोष दुबे, परवेज अहमद, प्रभुनाथ गुप्ता, विनोद अकेला, रबिश पटेल, अरुण पाठक, जयप्रकाश चौहान, रामचंद्र कुशवाहा, राकेश कुमार आदि मौजूद रहे।
----
फाग गीतों की मची धूम, फूलों संग खेली होली
सिगहा: होली के पूर्व संध्या पर जगह-जगह फाग गीतों की धूम मची रही। कहीं पर अबीर लगाया गया तो कुछ लोगों ने फूलों संग होली खेली।
विकास खंड नेबुआ नौरंगिया के चरिघरवा में फाग आयोजन हुआ। महेंद्र पांडेय के वहां धनी, धनी सिया रउरी भाग राम बर पाई, उठो, उठो लखन मोर भाई..,श्रीराम कहत बृजनारी, सिया डाले राम गले माला.आदि फाग गीतों को सुन श्रोता झूमे। सत्तर वर्षीय नरेश दूबे के ढोलक पर दिए गए ताल को देख सभी मुरीद हुए। संपत्ति मास्टर, सुदामा शर्मा, राम विशाल तिवारी, बेचई सिंह के फाग गीतों आनंद लोग लेते रहे। यहां फूलों से होली खेली गई। सिगहा गांव में विजय प्रताप त्रिपाठी के यहां गुलाब अंसारी की टीम ने फाग गीत प्रस्तुत किया। महेंद्र पांडेय, विजय तिवारी, बैद्यनाथ तिवारी, राघवेंद्र प्रताप शाही, अभय त्रिपाठी, बबलू कुशवाहा, विश्वनाथ यादव, जगदीश यादव, बलिष्टर दूबे, श्यामबदन कुशवाहा, रामप्रसाद आदि मौजूद रहे।