घघवा जगदीश में मारपीट, एक की आंख फूटी, 11 घायल
रविवार की सुबह स्थानीय थाना क्षेत्र के गांव घघवा जगदीश के बाबू टोला में रंजिशन हुईं मारपीट में एक पक्ष से जहां दो लोग घायल हुए। दूसरे पक्ष से 10 लोग घायल हुए हैं।
कुशीनगर : रविवार की सुबह स्थानीय थाना क्षेत्र के गांव घघवा जगदीश के बाबू टोला में रंजिशन हुईं मारपीट में एक पक्ष से जहां दो लोग घायल हुए। दूसरे पक्ष से 10 लोग घायल हुए हैं।
टोले के मनोज सिंह व श्रीकांत गोंड के बीच मेड़ का विवाद था। सुबह छठ घाट पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और घर आते-आते दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले दोनों पक्षों में गाली गलौच व मारपीट शुरू हो गयी। इसी दौरान दूसरे पक्ष ने मनोज सिंह के हाथ पैर को रस्सी से बांधकर पिटाई कर दी । घायलों में एक पक्ष के मनोज सिंह 40 की जहां हालत गंभीर बताई जा रही है वहीं दूसरे पक्ष के 50 वर्षीय देवेंद्र की दाहिनी आंख फूट गई। घटना में अभिषेक सिंह 16 के सिर में गंभीर चोट का निशान है। दूसरे पक्ष से श्रीकांत गोंड 63, मालती 55, विमलावती 23, नंदकिशोर 40, संतोष 35, महाश्रय 65, संजीत 43, अमलेश 40, और प्रशांत 25 घायल हो हुए हैं। थानाध्यक्ष कमलेश सिंह ने बताया कि जमीनी रंजिश और केले के छिलके को लेकर दोनों पक्ष आपस में मारपीट किए हैं। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई शुरू की जाएगी।