जांच में चार आरओ प्लांट सीज, फर्जी फैक्ट्री का राज खुला
बेलवा चुंगी पर संचालित गुप्ता आरओ प्लांट में भी अनियमितता पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
कुशीनगर: जिलाधिकारी डॉ. अनिल कुमार सिंह के निर्देश पर एसडीएम सदर रामकेश यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने नगर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित आधा दर्जन आरओ प्लांट की सघन जांच की। पेयजल के नमूने लिए। मानक का उल्लंघन पाए जाने पर चार आरओ प्लांट को तत्काल सील कर दिया गया तो कागजात न दिखा पाने पर एक संचालक को कारण बताओ नोटिस दी गई।
मंगलवार को जांच टीम ने धर्मपुर बुजुर्ग स्थित यादव आरओ प्लांट की सघन जांच की। मानक के उल्लंघन पर इसे तत्काल सील कर दिया। पकड़ी बुजुर्ग में अंश आरओ प्लांट में भी मानक का अनुपालन होना नहीं पाया गया। जिसे सील कर दिया गया।
मुन्ना कालोनी, तिलक नगर में रिया आरओ प्लांट की जांच की गई। यहां कागजात न दिखा पाने पर कारण बताओ नोटिस जारी कर संचालक से स्पष्टीकरण मांगा गया। बेलवा चुंगी पर संचालित गुप्ता आरओ प्लांट में भी अनियमितता पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। नगर के बाईपास रोड पर शगुन आरओ प्लांट की जांच में अस्मित बैटरी वाटर नाम से बैटरी का पानी बनाने का मामला उजागर हुआ। जांच में सैकड़ों गैलन बैटरी का पानी बरामद हुआ। टीम ने इस प्लांट को भी सील कर दिया। टीम इसे बड़ा फर्जीवाड़ा मान कार्रवाई कर रही है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश कुमार, सदर लेखपाल योगेंद्र गुप्ता, उमेश कुमार, कमलेश कुमार आदि मौजूद रहे। एसडीएम सदर ने कहा जांच जारी रहेगा।