बर्खास्त लिपिक व तीन कर्मियों से होगी धनराशि की वसूली
एसआईटी जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला उद्यान विभाग के बर्खास्त लिपिक राम ईश्वर सिंह व कलेक्ट्रेट के तीन आरोपित कर्मचारियों से आपदा राहत घपले की धनराशि की वसूली होगी। कलेक्ट्रेट के तीनों कर्मी उद्यान विभाग से संबद्ध किए गए थे।
कुशीनगर: एसआईटी जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला उद्यान विभाग के बर्खास्त लिपिक राम ईश्वर सिंह व कलेक्ट्रेट के तीन आरोपित कर्मचारियों से आपदा राहत घपले की धनराशि की वसूली होगी। कलेक्ट्रेट के तीनों कर्मी उद्यान विभाग से संबद्ध किए गए थे।
इस मामले में पुलिस अब तक नौ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। एडीएम विध्यवासिनी राय ने बताया कि तीनों कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई होगी। बर्खास्त बाबू व तीन कर्मचारियों से बकाया धनराशि की वसूली की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसके लिए उन्हें नोटिस भेजी जा रही है। आपदा घोटाला का मामला नौ अगस्त 2018 को तब सामने आया था जब तत्कालीन प्रभारी ओसी बिल्स विपिन कुमार का फर्जी हस्ताक्षर व पत्र बनाकर बिचौलिये ने नगर के बंधन बैंक में विभिन्न खातों में क्लीयरेंस कराने के लिए जमा किया। शक होने पर बैंक प्रबंधक ने एडीएम को सूचित किया, जहां बिचौलिये को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया था। छानबीन में धीरे-धीरे मामला खुलता गया और 2.20 करोड़ के घपले की पुष्टि हुई थी। इस मामले में विपिन कुमार की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज हुआ था। डीएम के निर्देश पर जनवरी 2020 से मामले की जांच एसआईटी कर रही है। डीएम भूपेंद्र एस चौधरी ने कहा कि मामले में दोषी बख्शे नहीं जाएंगे। उनसे गबन की धनराशि जमा कराई जाएगी और विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी। वसूली की तैयारी शुरू कर दी गई है।