Move to Jagran APP

UP Lok Sabha Election: कुशीनगर में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इंडी पर साधा निशाना, बोले- समाप्त हो रहा सपा का वजूद, भूल जाएंगे लोग

रक्षामंंत्री राजनाथ सिंह ने कुशीनगर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी विजय कुमार दूबे के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत दुनिया के ताकतवर देशों की कतार में खड़ा है। कश्मीर की छिटपुट घटनाओं को छोड़ दिया जाए तो देशवासी अमन चैन से रह रहे हैं। हमारे पड़ोसी अपनी सीमा में रह रहे हैं।

By Jagran News Edited By: Vivek Shukla Thu, 30 May 2024 03:37 PM (IST)
UP Lok Sabha Election: कुशीनगर में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इंडी पर साधा निशाना, बोले- समाप्त हो रहा सपा का वजूद, भूल जाएंगे लोग
जनसभा के दौरान मंच पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह व अन्य। जागरण

 जागरण संवाददाता, कुशीनगर। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि जिस तरह धरती से डायनासोर समाप्त हो गए, उसी तरह कांग्रेस पार्टी का वजूद भी भारत से मिट जाएगा। आने वाले 10 वर्षों में देश के बच्चे भूल जाएंगे कि कांग्रेस नाम की कोई राजनैतिक पार्टी भी थी।

कहा कि समाजवादी पार्टी की हालत भी पतली होती जा रही है। इस दल का भी अस्तित्व समाप्त होने वाला है। भाजपा जनता के विश्वास के आधार पर राजनीति करती है। हमारी सरकार में देश हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा तो नए भारत का निर्माण हो रहा है।

वह गुरुवार को रामकोला कस्बा के जूनियर हाईस्कूल के खेल मैदान पर कुशीनगर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी विजय कुमार दूबे के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत दुनिया के ताकतवर देशों की कतार में खड़ा है। कश्मीर की छिटपुट घटनाओं को छोड़ दिया जाए तो देशवासी अमन चैन से रह रहे हैं। हमारे पड़ोसी अपनी सीमा में रह रहे हैं।

इसे भी पढ़ें-मृत शिक्षक की लगाई चुनाव ड्यूटी, बाद में दर्ज करा दिया मुकदमा, जानकारी हुई तो मचा हड़कंप

कहा कि उन्हें पता है कि जरूरत पड़ने पर भारत सीमा पार जाकर कार्रवाई करने में सक्षम है। रक्षा मंत्री ने कहा कि हम ब्रहमोस मिसाइल बना रहे हैं। देश की सुरक्षा के साथ अपने मित्र देशों को भी देंगे। इससे 800 किमी दूर दुश्मन के ठिकानों को पलक झपकते नेस्तनाबूत किया जा सकता है। यह बदलते हुए नए भारत की ताकत है।

रक्षामंत्री ने कहा कि आपने पूर्ण बहुमत दिया तो कश्मीर से धारा 370 हटाया, अयोध्या में रामलला का दिव्य मंदिर भी बन गया। कहा कि लगभग दो वर्षों से रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध चल रहा है। यूक्रेन में मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले भारत के 22 हजार बच्चों की सुरक्षा की चिंता उनके स्वजन को होने लगी तो पीएम मोदी ने दोनों देशों के राष्ट्रपति से बातचीत की।

इसे भी पढ़ें-खुली किताब है गोरखपुर, यहां का विकास देख हर कोई होता है हैरान, पढ़ि‍ए यह Ground Report

साढ़े चार घंटे युद्ध रोक दिया गया और तिरंगा लगी गाड़ियों से सभी को सुरक्षित एयरपोर्ट लाया गया और हवाई जहाज से स्वदेश पहुंच गए। देश को यह ताकत मोदी ही दिला सकते हैं। भाजपा कभी भी हिंदू-मुस्लिम की बात नहीं करती, विपक्ष के नेता इस तरह की गलतफहमी पैदा करते हैं। हम सभी वर्ग के लोगों की बात करते हैं, उनके हितों की चिंता करते हैं।

अपने 25 मिनट के संबोधन में उन्होंने विपक्ष पर कड़ा प्रहार किया। कहा कि तीन तलाक की कुप्रथा को समाप्त कर सरकार ने मुस्लिम बेटियों का भविष्य सुरक्षित किया है। हमारे लिए सभी धर्म की बहू-बेटियां प्रिय हैं, इनकी सुरक्षा की हम गारंटी दे रहे हैं।

भारत वह देश है, जहां नारी की पूजा होती है। उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि 2017 के पहले प्रदेश में फल फूल रहे माफिया व गुंडाराज का सफाया कर दिया गया। यूपी के सीएम प्रचंड गर्मी में भी बदमाशों को शिमला जैसी शीतलता का अहसास करा रहे हैं।