693 निगेटिव, चार पुलिसकर्मी सहित 94 नए पॉजिटिव
संक्रमितों को लक्ष्मीपुर में बनाए गए कोविड केयर अस्पताल में रखा जा रहा है गंभीर रोगियों को जिला संयुक्त अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा जा रहा है। इनके संपर्क में आने वालों को चिह्नित कर सूची बनाई जा रही है।
कुशीनगर: ब्लाक व जिला स्तर पर जहां लोगों की जांच तेजी से हो रही है, वहीं संक्रमितों की संख्या भी बढ़ रही है। 24 घंटे में 219 पॉजिटिव मिले हैं। वहीं गुरुवार को 787 रिपोर्ट मिली, जिसमें 693 निगेटिव व 94 पॉजिटिव हैं। इसमें चार पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। कोरोना से अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है, संक्रमितों की संख्या 1631 पहुंच गई है। कुल 885 लोग स्वस्थ भी हुए हैं।
संक्रमितों को लक्ष्मीपुर में बनाए गए कोविड केयर अस्पताल में रखा जा रहा है, गंभीर रोगियों को जिला संयुक्त अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा जा रहा है। इनके संपर्क में आने वालों को चिह्नित कर सूची बनाई जा रही है। सीएमओ डा. एनपी गुप्त ने बताया कि 103 और लोगों के नमूने गोरखपुर भेजे गए। अब तक कुल 26841 लोगों की हुई जांच में 25441 की रिपोर्ट निगेटिव है।
48 घंटे बंद रहेगा सीएससी रामकोला व कुबेरस्थान
नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में फार्मासिस्ट के संक्रमित पाए जाने पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. शेष कुमार विश्वकर्मा ने 48 घंटे के लिए अस्पताल को बंद करने का निर्देश दिया है। स्वास्थ्यकर्मी आलोक मिश्रा, विनय सिंह, रफी अहमद, फार्मासिस्ट शिव प्रकाश चौधरी की देखरेख में सैनिटाइजेशन कराया गया।
कुबेरस्थान: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दो लोगों के कोरोना से संक्रमित पाए जाने पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सतीश चंद ने 48 घंटे के लिए अस्पताल बंद करते हुए दोनों लोगों को होम आइसोलेट रहने का निर्देश दिया है।
ब्लाक विशुनपुरा के सीएचसी पर हुई 46 लोगों की जांच में छह कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। स्वास्थ्यकर्मी ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि गांवों को सील कराते हुए लोगों से घरों में रहने की सलाह दी गई है।