युवक की गोली मारकर हत्या, शव झाड़ियों में फेंका
पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर गांव के पास बुधवार को दोपहर में सवा तीन बजे एक युवक की गोली मार कर हत्या कर दी गई। उसका शव झाड़ियों में पड़ा मिला। घटना की जानकारी के बाद भारी संख्या में वहां गांव के लोग जमा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी वहां पहुंच गई। पुलिस ने संदेह के आधार पर कुछ लोगों को उठाया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
कसेंदा : पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर गांव के पास बुधवार को दोपहर में सवा तीन बजे एक युवक की गोली मार कर हत्या कर दी गई। उसका शव झाड़ियों में पड़ा मिला। घटना की जानकारी के बाद भारी संख्या में वहां गांव के लोग जमा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी वहां पहुंच गई। पुलिस ने संदेह के आधार पर कुछ लोगों को उठाया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
महगांव निवासी असलम कोटेदार है। हाइवे पर इनकी दुकान है। बुधवार दोपहर में तीन बजे वह दुकान पर लोगों को राशन दे रहा था। इसी बीच उनका बेटा सरफराज उर्फ फराज (32) वहां आ गया। सरफराज पुलिस मित्र है। किसी ने सरफराज के मोबाइल पर फोन कर उसे बुलाया। वह बिना बताए पैगंबरपुर मोड़ की ओर चले गए। करीब 15 मिनट बाद गांव में सरफराज की हत्या किए जाने की चर्चा होने लगी। स्वजन समेत अन्य लोग घटना स्थल की ओर भागे। वहां सड़क के किनारे सरपट के झुरमुट के बीच सरफराज का शव पड़ा था। उसकी कनपटी में गोली मारकर हत्या की गई थी। घटना को किसने अंजाम दिया यह इसकी जानकारी किसी को नहीं थी। गांव में इसकी सूचना फैलने पर लोगों का वहां पर जमावड़ा लग गया। घटना स्थल पर बढ़ती भीड़ की सूचना मिलने पर पूरामुफ्ती पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी रमेश पटेल ने मौके पर पहुंचकर लोगों की घटना की जानकारी ली और उच्च अधिकारियों को सूचित किया। जानकारी होते ही एसपी अभिनंदन, सीओ चायल कृष्ण कुमार सिंह फील्ड यूनिट टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना को लेकर पड़ताल शुरू कर दी। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से स्वजन समेत पत्नी मोनी व 10 वर्षीय बेटे का रो-रोकर हाल बेहाल है।
वर्जन..
घटना के पीछे के कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हैं। कुछ लोगों को संदेह के आधार पर पकड़ा गया है। उनसे घटना को लेकर पूछताछ हो रही है। इसके अलावा अन्य कई बिंदुओं को लेकर पुलिस की जांच कर रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश होगा।
-अभिनंदन, एसपी