गोशालाओं में चारों तरफ लगाई जाए तिरपाल
नगर पंचायत चायल में शनिवार को अधिशाषी अधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने बैठक कर ठंड से बचने के उपायों पर चर्चा की। उन्होंने गोशालाओं में चारों तरफ तिरपाल लगाने जरूरतमंद लोगों के लिए लकड़ी कंबल की व्यवस्था करने और रैन बसेरे को दुरुस्त करने का निर्देश दिया। चेतावनी दी कि अगर किसी प्रकार की लापरवाही होगी तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।
चायल : नगर पंचायत चायल में शनिवार को अधिशाषी अधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने बैठक कर ठंड से बचने के उपायों पर चर्चा की। उन्होंने गोशालाओं में चारों तरफ तिरपाल लगाने, जरूरतमंद लोगों के लिए लकड़ी, कंबल की व्यवस्था करने और रैन बसेरे को दुरुस्त करने का निर्देश दिया। चेतावनी दी कि अगर किसी प्रकार की लापरवाही होगी तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।
जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह के निर्देश पर नगर पंचायत चायल के अधिशाषी अधिकारी दिनेश कुमार सिंह शनिवार को कार्यालय के सभी कर्मचारियों की एक बैठक की। इसमें उन्होंने शासन की महत्वपूर्ण कन्या सुमंगला योजना की प्रगति से जुड़ी जानकारी मांगी। प्रगति धीमी होने पर उन्होंने कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कर्मचारियों को एक सप्ताह के अंदर समस्त नगर में सर्वे कर पात्रों की सूची उपलब्ध कराने को कहा। इसके अलावा उन्होंने ठंड से बचाव के लिए लकड़ी, कंबल की व्यवस्था व रैन बसेरा दुरुस्त करने का भी निर्देश दिया। स्थायी गोशाला के पशुओं को ठंड से बचाने के लिए उन्होंने गोशाला के चारो तरफ तिरपाल लगवाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने साफ तौर पर कर्मचारियों को हिदायत दी कि शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी। इस मौके पर वरिष्ठ लिपिक बनवारी लाल, देवानंद, विनोद कुमार समेत सभी कर्मचारी मौजूद रहे।
जागरण के अभियान की सराहना की
दैनिक जागरण द्वारा बेसहारा मवेशियों को ठंड से बचाने के लिए चलाए गए अभियान की अधिशाषी अधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने सराहना की। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से गोशालाओं की वास्तविक जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों को हो चुकी हैं। जिन गोशालाओं में मवेशियों को ठंड से बचाने के लिए अभी तक उपाय नहीं किए गए हैं, वहां पर शीघ्र सभी व्यवस्था की जाएगी। अगर कहीं पर किसी मवेशी की ठंड से मौत होती है तो वहां पर जिम्मेदारी लोगों पर कार्यवाही भी होगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री गोशालाओं में मवेशियों के संरक्षण को लेकर गंभीर हैं। गोशालाओं की व्यवस्थाओं पर पैनी नजर रखी जा रही है।