बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में सड़क पर उतरे सपाई
प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था बढ़ती महंगाई और भ्रष्टाचार के खिलाफ सपाइयों ने मंगलवार को जनपद के सभी तहसील मुख्यालयों में धरना-प्रदर्शन किया। नारेबाजी करते हुए प्रशासनिक अधिकारियों को राज्यपाल को संबोधित 15 सूत्रीय ज्ञापन देकर समस्या के निराकरण की मांग किया।
जासं, कौशांबी : प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था, बढ़ती महंगाई और भ्रष्टाचार के खिलाफ सपाइयों ने मंगलवार को जनपद के सभी तहसील मुख्यालयों में धरना-प्रदर्शन किया। नारेबाजी करते हुए प्रशासनिक अधिकारियों को राज्यपाल को संबोधित 15 सूत्रीय ज्ञापन देकर समस्या के निराकरण की मांग किया।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव इंद्रजीत सरोज की अगुवाई में मंगलवार को मंझनपुर तहसील परिसर में पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इसमें प्रदेश सरकार की नीति व बढ़ रहे अपराध के खिलाफ भड़ास निकाली गई। साथ ही राज्यपाल को संबोधित 15 सूत्रीय ज्ञापन अपर जिलाधिकारी मनोज कुमार को सौंपकर समस्या के निराकरण की मांग की गई।
इस दौरान इंद्रजीत सरोज ने कहा कि भाजपा सबका साथ सबका विकास का दावा कर रही है, लेकिन सरकार का ये दावा पूरी तरह थोथा साबित हो रहा है। कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने महंगाई पर प्रहार करते हुए कहा कि पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस का दाम कई बार बढ़ाया जा चुका है। इससे आम जनता परेशान है।
बढ़ती महंगाई से आम जनता परेशान : समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार में बिगड़ती कानून व्यवस्था और बढ़ती महंगाई के खिलाफ चायल तहसील में प्रदर्शन किया। इस दौरान पूर्व विधायक आसिफ जाफरी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार लगातार पेट्रोल और रसोई गैस के दामों में वृद्धि कर रही है। इससे हर वर्ग परेशान है। सरकार अपनी विफलताओं को छुपाने के लिए सपा कार्यकर्ताओं और नेताओं के ऊपर फर्जी मुकदमे लाद रही है। रामपुर के वरिष्ठ नेता और सांसद आजम खां के खिलाफ बकरी और भैंस की चोरी का मुकदमा लिखाया गया। वहीं, जिलाध्यक्ष खड़ग सिंह पटेल ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की विफलता के कारण देश में भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी प्रदेश सरकार के इशारे पर काम कर रहे हैं। पूर्व समाजवादी प्रत्यशी चंद्रबली पटेल ने आरोप लगाया कि सरकार प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह असफल साबित हो रही है। यही वजह है कि दुष्कर्म और सामूहिक दुष्कर्म के मामले बढ़ रहे हैं। महिलाएं व बेटियां घर से बाहर निकलने में डरने लगी है। उन्होंने प्रदेश सरकार से बिजली, पानी व सड़क जैसी मूलभूत समस्याओं को दूर करने की भी मांग की। विधान सभा अध्यक्ष गया पासी ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि अतिवृष्टि से किसानों की फसलों का काफी नुकसान हुआ है। सरकार किसानों को उचित मुआवजा दे। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के छात्रों को कालेजों में निश्शुल्क प्रवेश की व्यवस्था बहाल की जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में मान सिंह यादव, आंनद मोहन पटेल, बृजभान यादव, मुकीम अहमद, विनय यादव, अजय प्रधान,शानू प्रधान, इरफान राइन, उमेश दिवाकर सहित सैकड़ो कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सबका साथ, सबका विकास का दावा थोथा : प्रदेश में बढ़ रही महंगाई, भ्रष्टाचार, ध्वस्त कानून व्यवस्था, किसान उत्पीड़न आदि समस्याओं को लेकर सपाइयों ने आनंद मोहन सिंह पटेल की अगुवाई में सिराथू तहसील में प्रदर्शन किया। साथ ही तहसीलदार को राज्यपाल संबोधित 15 सूत्रीय ज्ञापन देकर समस्या के निराकरण का मांग किया।
इस दौरान आनंद मोहन सिंह पटेल ने कहाकि भाजपा सरकार का सबका साथ सबका विश्वास का नारा खोखला हो गया है। लोकसभा चुनाव तक जनता को गुमराह किया गया और चुनाव के बाद ही मंहगाई बढ़ा दी गई। इससे आम जनता परेशान है। किसानों को खाद बीज के लिए ठोकर खानी पड़ रही है। सिराथू विधानसभा अध्यक्ष भानू प्रताप यादव ने कहा कि प्रदेश में किसान, नौजवान व बेरोजगार परेशान हैं। आम जनता का उत्पीड़न किया जा रहा है। दयाशंकर यादव ने कहा कि भाजपा सरकार केवल राजनीतिक एजेंडा साधने एवं विकास के नाम पर झूठा प्रचार करने में व्यस्त है। कैलाश चंद्र केसरवानी ने कहा कि भ्रष्टाचार और रिश्वत खोरी पर लगाम लगाई जाए। इस मौके पर कासिम हुसैन डॉ. जैनुल्लाब्दीन, मुंसब अली उस्मानी , शाहनवा, अबरार अहमद, राजू पासी, करन सिंह यादव, चन्दन सिंह, दिलीप यादव, बचानी यादव, सरवर अली घोसी, अजय मौर्य, मुजाहिद हुसैन , रमेश यादव , उदय यादव आदि मौजूद रहे ।