घोघपुरवा में लटकती मिली विवाहिता की लाश
संसू पश्चिम शरीरा महेवाघाट थाना क्षेत्र के घोघपुरवा गांव में एक विवाहिता की लटकती हुई लाश मिली है। माह भर पहले ही उसकी शादी हुई थी। मायकेवालों ने ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने ससुराल पक्ष से चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
संसू, पश्चिम शरीरा : महेवाघाट थाना क्षेत्र के घोघपुरवा गांव में एक विवाहिता की लटकती हुई लाश मिली है। माह भर पहले ही उसकी शादी हुई थी। मायकेवालों ने ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने ससुराल पक्ष से चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
चित्रकूट जनपद के मऊ थाना क्षेत्र के बियावल का मजरा काशीनाथ का पूरा निवासी मोहनलाल ने 22 वर्षीय बेटी पुष्पा की शादी बीते 23 जनवरी को घोघ पुरवा निवासी सत्यनारायण के बेटे बबलू के साथ की थी। शादी के बाद से ही ससुरालीजन कम दहेज लाने के लिए उसे प्रताड़ित करने लगे। आए दिन घरेलू कलह से आजिज पुष्पा ने जानकारी मायके वालों को दी। रविवार की शाम भी ससुरालियों ने पुष्पा की पिटाई की। फोन पर जानकारी होने के बाद मायके वालों ने कहा कि वह दूसरे दिन पुष्पा को वापस मायके बुला लेंगे। सभी लोग खाना खाने के बाद सो गए। इस बीच संदिग्ध हाल में पुष्पा की मौत हो गई। रोने-चीखने की आवाज सुनकर गांव के लोग इकट्ठा हो गए। मायके वाले भी गांव पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मोहन लाल ने दहेज की खातिर पीट-पीट कर मार डालने और फिर फंदे पर बेटी को लटका देने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर लेकर पति बबलू, ससुर सत्यनारायण, सास व नंदोई अशर्फीलाल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। महेवाघाट के प्रभारी निरीक्षक अजीत पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पुष्टि हो पाएगी कि हत्या है या खुदकशी। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।