कौशांबी में यमुना पर बन रहे टू-लेन पुल पर दिसंबर से दौड़ेंगी गाड़ियां, चित्रकूट का सफर होगा आसान
कौशांबी के चक गुलाम आलम में यमुना नदी पर बन रहे दो-लेन पुल का निर्माण लगभग पूरा हो गया है, जिससे चित्रकूट की दूरी 20-25 किमी कम हो जाएगी।

चक गुलाम आलम में यमुना पर निर्माणाधीन पुल
HighLights
यमुना नदी पर दो-लेन पुल का निर्माण लगभग पूरा हो गया।
दिसंबर से चित्रकूट का सफर 20-25 किमी कम होगा।
पुल खुलने से व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आएगी, समय बचेगा।
जागरण संवाददाता, कौशांबी। विकास खंड कौशांबी के चक गुलाम आलम से चित्रकूट जिले के तारी मुस्तकिल तक यमुना नदी पर निर्माणाधीन पुल लगभग पूरा हो गया है। अब गर्डर खोलने का काम चल रहा है। इसके बाद एप्रोच मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। एप्रोच मार्ग के बनने के बाद दिसंबर के पहले सप्ताह से पुल से आवागमन शुरू हो जाने की संभावना है। इससे चित्रकूट की दूरी भी करीब 20 से 25 किमी. कम हो जाने की उम्मीद है।
चक गुलाम आलम में यमुना पर टू-लेन पुल का निर्माण सेतु निगम ने वर्ष 2021 में शुरू कराया था। लगभग 970 मीटर लंबे इस पुल की अनुमानित लागत करीब 115 करोड़ रुपये थी। इस पुल के निर्माण को पूरा होने का लक्ष्य पहले सितंबर 2025 रखा गया था।
हालांकि, बीच में बजट की अड़चन के कारण काम विलंबित हुआ। इसके लिए कार्यदायी संस्था ने समय बढ़ाने की मांग शासन स्तर से की थी। बाद में समय बढ़ाकर मार्च, 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया था और फिर सितंबर में पूरा होने की बात कही गई थी।
इस संबंध में डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर एसपी सिंह का कहना है कि पुल का निर्माण पूरा हो गया है। गर्डर खोलने का काम चल रहा है। अप्रोच मार्ग बन जाने पर दिसंबर तक पुल से आवागमन शुरू हो जाने की संभावना है। उल्लेखनीय है अभी लोगों को महिला घाट पर बने यमुना पुल अथवा राजापुर से होकर चित्रकूट आना-जाना पड़ता है।
यह भी पढ़ें- कौशांबी के कड़ा धाम में Google को भी मात देता है पोथियों में दर्ज पुराना इतिहास, जहां औरंगजेब ने टेका था माथा
इससे दूरी अधिक होने के साथ ही समय और खर्च (दोनों) अधिक लगता है। इस पुल से आवागमन शुरू होने से चित्रकूट की दूरी कम होने के अलावा व्यापारिक गतिविधियां भी बढ़ने की संभावना जताई जा रही हैं।
चक गुलाम आलम में यमुना नदी पर पुल चालू होने से क्षेत्र के लोगों के लिए काफी सुविधाजनक हो जाएगा। बहुत से लोगों की रिश्तेदारी चित्रकूट के तारी, मंडोर, टिकरा, सिरावल आदि क्षेत्रों में है। आने-जाने में समय और खर्च की भी बचत होगी।- अशोक कुमार मिश्र, गुरौली
सितंबर में पुल चालू हो जाना था, लेकिन समय लग रहा है। बहरहाल, पुल के चालू हो जाने से आवागमन में सुविधा होने के साथ व्यापारिक गतिविधियों में भी तेजी आएगी, क्योंकि तब व्यापारी सीधे आ-जा सकेंगे।- यश पाल, सलेमपुर
