विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कौशांबी में भीषण सड़क हादसा: हाईवे किनारे खड़े ट्राला से भिड़ा वाहन, आठ श्रद्धालुओं की मौत व कई घायल, CM ने जताया शोक

By Gurudeep Tripathi Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Fri, 27 Mar 2026 04:27 PM (GMT+05:30)Updated: Fri, 27 Mar 2026 09:12 PM (GMT+05:30)

कौशांबी में कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर एक दर्दनाक हादसे में आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई। फतेहपुर जिले के बड़ोखर गांव ...और पढ़ें

HighLights

  1. दुर्घटना में 21 घायल जिला अस्पताल में भर्ती, 6 की हालत गंभीर, एडीजी व आइजी भी पहुंचे

  2. मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख, घायलों को 50-50 हजार देने की घोषणा की

जागरण संवाददाता, कौशांबी। कानपुर-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग (हाईवे) पर सैनी क्षेत्र के डोरमा गांव के समीप शुक्रवार दोपहर आगे चल रहे ट्राला से पिकअप टकरा गई। इस भीषण टक्कर में पिकअप सवार पांच महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में मां-बेटे भी शामिल हैं। सभी 21 घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां छह की हालत गंभीर है।।

प्रयागराज से लौट रहे थे फतेहपुर

पिकअप सवार प्रयागराज से बालक का मुंडन कराकर अपने गृह जनपद फतेहपुर लौट रहे थे। पुलिस ने ट्राला को कब्जे में ले लिया है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये आर्थिक मदद देने की घोषणा की। इसके साथ ही स्थानीय प्रशासन के आला अधिकारियों को राहत-बचाव तेज करने का निर्देश दिया।

तीन वर्षीय शुभम का मुंडन कराया

फतेहपुर जिले के जाफरगंज क्षेत्र के कोरवल मजरा धौरहरा निवासी राजन निषाद के तीन वर्षीय बेटे शुभम का शुक्रवार को प्रयागराज के संगम में मुंडन कराया गया। मुंडन संस्कार में राजन के स्वजन के अलावा कई रिश्तेदार भी शामिल हुए थे। सभी लोग गुरुवार रात करीब 11 बजे परिवार के ही पंकज के पिकअप से संगम पहुंचे थे।। 

KSM Accident

कौशांबी के सैनी में हादसा 

शुभम का मुंडन कराने के बाद सभी शुक्रवार दोपहर घर लौट रहे थे। अपराह्न 3:20 बजे जैसे ही पिकअप सैनी क्षेत्र के डोरमा स्थित त्रिपाठी पेट्रोल पंप के समीप पहुंची, तभी अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्राला से टकरा गई। घटना स्थल के समीप मौजूद डोरमा निवासी धर्मेंद्र ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप में बैठीं महिलाएं व बच्चे हाईवे पर दूर जा गिरे। कुछ हाईवे किनारे स्थित सूखे नाले में भी गिरे थे।

sp kaushambi

घायलों को अस्पताल ले जाने में चार एंबलेंस लगीं

दुर्घटना में पिकअप के परखचे उड़ गए व घायलों में चीत्कार मच गई। राहगीर व स्थानीय लोगों ने किसी तरह घायलों को सड़क के किनारे किया और फौरन पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में एसपी राजेश कुमार, एडीएम (वित्त एवं राजस्व) शालिनी प्रभाकर, सीएमओ डा. संजय कुमार पुलिस फोर्स व मेडिकल टीम के साथ पहुंचे। चार एंबुलेंस से घायलों को इलाज के लिए सीएचसी सिराथू लाया गया।

WhatsApp Image 2026-03-27 at 4.53.20 PM

इनकी हुई मौत 

यहां चिकित्सकों ने चेकअप के दौरान 27 वर्षीय गुड़िया पत्नी मुकेश कुमार व 10 वर्षीय मयंक पुत्र मुकेश कुमार, 22 वर्षीय कल्लो पत्नी अज्ञात, 37 वर्षीय राजकुमारी पत्नी राम खेलावन, 68 वर्षीय दरसनिया पत्नी बाबूलाल, 65 वर्षीय सुखरनिया पत्नी मुन्ना, सात वर्षीय ध्रुव पुत्र मोहन निवासी गज्जापुर थाना चांदपुर के अलावा एक आठ वर्षीय बच्चे को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में शामिल गुड़िया और मयंक मां-बेटे थे।

WhatsApp Image 2026-03-27 at 4.53.15 PM

21 घायल जिला अस्पताल में भर्ती 

घटना में घायल 21 लोगों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद ट्राला चालक भाग निकला। दुर्घटना की वजह से हाईवे पर करीब पौने घंटे तक आवागमन बाधित रहा। वहीं देर शाम एडीजी जोन ज्योति नारायण व आइजी रेंज अजय कुमार मिश्रा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।

KSM Accident injured

उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने जताया शोक

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भीषण सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक बताते हुए दिवंगतों के प्रति अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। शोक संतप्त स्वजन के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन घड़ी में प्रदेश सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें।

Kaushambi Accident injured

केशव मौर्य ने अधिकारियों को निर्देश दिए 

डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों का समुचित एवं त्वरित उपचार सुनिश्चित कराया जाए। कहा कि राज्य सरकार सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर है तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।


प्रथम दृष्टया पाया गया कि पेट्रोल पंप के सामने हाईवे पर ट्रक खड़ा था, जिसकी वजह से दुर्घटना हुई। बताया गया कि ट्रक चल रहा था। ऐसे में वास्तविकता का पता लगाने के लिए ड्राइवर और खलासी के मोबाइल की लोकेशन निकलवाई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाला जा रहा है। शनिवार तक सब स्पष्ट हो जाएगा।
- अजय कुमार मिश्रा, आइजी रेंज, प्रयागराज