विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कौशांबी में यमुना, किलनहाई और ससुर खदेरी नदी पर बनेंगे 5 नए पुल, शासन को भेजा गया प्रस्ताव

Published: Sun, 04 Oct 2026 11:01 AM (IST)

कौशांबी में लोक निर्माण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए यमुना, किलनहाई और ससुर खदेरी नदियों पर पांच नए पुलों के निर्माण की कार्ययोजना बनाई है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. कौशांबी में 2026-27 तक पांच नए पुलों का निर्माण होगा।

  2. यमुना, किलनहाई, ससुर खदेरी नदियों पर बनेंगे नए पुल।

  3. मौजूदा पुलों व आरओबी की मरम्मत के प्रस्ताव भी शासन को भेजे।

जागरण संवाददाता, कौशांबी। लोगों की सुविधा के लिए लोक निर्माण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में यमुना, किलनहाई और ससुर खदेरी नदियों पर पांच पुलों के निर्माण के लिए कार्ययोजना बनाई है। इसके अलावा कुछ पुलों और रेलवे ओवरब्रिजों (आरओबी) की मरम्मत का भी खाका खींचा गया है। इन प्रस्तावों को बनाकर शासन को भेज दिया गया है। बजट स्वीकृत होने पर टेंडर की प्रक्रिया पूर्ण कराकर काम शुरू कराया जाएगा।

विभाग की ओर से विकास खंड कौशांबी में श्यामपुर उर्फ मल्हीपुर में किलनहाई नदी पर करीब 303 मीटर पुल के निर्माण के लिए 34.61 करोड़, मंझनपुर तहसील के बड़हरी गांव में भरत नदी पर 121 मीटर पुल के निर्माण के लिए करीब 19.17 करोड़, विकास खंड सिराथू के इचौली से भड़ेसर के बीच ससुर खदेरी नदी पर 90 मीटर पुल के निर्माण पर 25 करोड़ रुपये खर्च अनुमानित की गई है।

पुलों के बनने से लोगों को राह बनेगी आसान

नंदा का पुरवा एवं कुरिया पर में प्रयागराज-पुरखास मार्ग को जोड़ने के लिए यमुना नदी पर 1.26 किमी. पुल के निर्माण पर करीब 179.43 करोड़ और सिराथू-सरायअकिल मार्ग पर पुराने पतौना पुल के स्थान पर नए पुल के निर्माण पर पांच करोड़ रुपये खर्च संभावित है।

पतौना को छोड़कर अन्य क्षेत्रों में बरसात में नदियों में उफान आने पर लोगों का आवागमन ठप हो जाता है। कई इलाकों में सिर्फ नाव ही आवागमन का जरिया रह जाता है। पुलों के बन जाने से लोगों की यह समस्या दूर हो जाएगी।

वहीं, मनौरी स्टेशन के पास मनौरी-सरायअकिल मार्ग पर टू लेन आरओबी की मरम्मत पर 25 लाख, लालगंज-मंझनपुर-मऊ मार्ग पर ससुर खदेरी नदी पर बने पुल की मरम्मत पर 42 लाख, सिराथू रेलवे यार्ड में दो लेन आरओबी की मरम्मत पर 16 लाख और सिराथू रेलवे स्टेशन के पहले करनपुर चौराहा पर दो लेन आरओबी की मरम्मत पर 25 लाख रुपये खर्च किया जाना है।

यह भी पढ़ें- कौशांबी में पितृ पक्ष श्राद्ध: गंगा घाटों पर उमड़ी भीड़, पितरों को तृप्त करने के लिए किया तर्पण

वहीं, मलाका से बथुई संपर्क मार्ग पर ससुर खदेरी नदी पर बने पुल की मरम्मत पर 10 लाख, सरायअकिल में ससुर खदेरी नदी पर बने पुल की मरम्मत पर 35 लाख रुपये खर्च किया जाना है।

पुलों के निर्माण व आरओबी की मरम्मत के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। बजट स्वीकृत होने पर कार्य शुरू कराया जाएगा।

                                                     दयाशंकर, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग