विंध्यवासिनी धाम की तर्ज पर बनेगा कड़ाधाम में मां शीतला कॉरिडोर, श्रद्धालुओं को मिलेंगी कई सुविधाएं
कौशांबी के कड़ाधाम में मां शीतला कॉरिडोर और कुबरी से कालेश्वर तक पक्के घाट निर्माण का प्रस्ताव पर्यटन मंत्री को भेजा गया है।

मां शीतला मंदिर
HighLights
मां शीतला कॉरिडोर का प्रस्ताव पर्यटन मंत्री को भेजा।
कुबरी से कालेश्वर तक पक्का घाट भी प्रस्तावित।
डीपीआर स्वीकृति के बाद आर्किटेक्ट द्वारा बनेगी।
जागरण संवाददाता, कौशांबी। मीरजापुर में मां विंध्यवासिनी की तर्ज पर कड़ाधाम में मां शीतला कॉरिडोर निर्माण को लेकर प्रशासन स्तर से कवायद तेज कर दी गई है। कॉरिडोर के अलावा कुबरी से कालेश्वर तक पक्का घाट निर्माण को लेकर पर्यटन मंत्री को प्रस्ताव भेजा गया है। इन प्रस्तावों को अगर स्वीकृति मिल जाती है तो आर्किटेक्ट द्वारा इसका सर्वे कर डिटेल्स प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगी।
मां शीतला धाम के विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा करीब साढ़े तीन-चार साल पहले घोषणा की गई थी कि मां विंध्यवासिनी की तर्ज पर यहां कॉरिडोर का निर्माण कराया जाएगा। इसके तहत गंगा घाटों का सौंदर्यीकरण, फ्लोटिंग जेटी, यात्री निवास, कैफेटेरिया के निर्माण के अलावा सड़क, पेयजल, सीवर आदि सुविधाएं विकसित की जानी थी।
श्रद्धालुओं को मिलेंगी कई सुविधाएं
इन सभी कार्यों पर करीब तीन सौ करोड़ रुपये का खर्च अनुमानित था। श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए सिराथू रेलवे स्टेशन को भी प्रमुख धार्मिक स्थलों से जोड़ने की भी योजना बनी थी। उसके बाद प्रशासन द्वारा राजस्व टीम लगाकर कड़ाधाम क्षेत्र का भौतिक सत्यापन कराया गया था।
ड्रोन सर्वे भी बाद में हुआ था और फिर प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। हालांकि, प्रस्ताव को हरी झंडी नहीं मिल सकी थी। वहीं, प्रशासन द्वारा कुबरी से लेकर कालेश्वर तक पक्का घाट निर्माण कराने को लेकर भी कवायद की जा रही है। इन दोनों घाटों के बीच की दूरी करीब चार-पांच सौ मीटर बताई जाती है।
यह भी पढ़ें- कौशांबी: बैल चोरी व मारपीट मामले में सख्त हुईं प्रभारी मंत्री, चौकी इंचार्ज को निलंबित करने के आदेश
पक्के घाट का निर्माण होने से जहां श्रद्धालुओं को स्नान करने में काफी सुविधा होगी, वहीं स्थानीय लोग सुबह-शाम घूम-टहल भी सकेंगे। पिछले दिनों प्रयागराज में हुई पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह की बैठक में फिर से कॉरिडोर और कुबरी से कालेश्वर तक पक्का घाट के निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।
पर्यटन मंत्री की बैठक में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ा था। कड़ाधाम में कॉरिडोर और कुबरी से कालेश्वर घाट तक पक्का घाट निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद आर्किटेक्ट का चयन होगा। उसके बाद सर्वे और डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया शुरू होगी।
डॉ. अमित पाल, जिलाधिकारी
