विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कौशांबी में सराफा कारोबारी से छह लाख की लूट, बदमाशों ने तमंचे से धमकाया

By Adarsh SrivastavaEdited By: Vivek Shukla
Published: Fri, 02 Oct 2026 10:14 AM (IST)

कौशांबी के कोखराज क्षेत्र में सिहोरी टोल प्लाजा के पास एक सराफा कारोबारी से करीब छह लाख रुपये की लूट ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

HighLights

  1. कौशांबी में सराफा कारोबारी से छह लाख रुपये की लूट हुई।

  2. बदमाशों ने हेलमेट व डंडे से हमला कर फायरिंग भी की।

  3. पुलिस ने लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें बनाई हैं।

जागरण संवाददाता, कौशांबी। कोखराज क्षेत्र में सिहोरी टोल प्लाजा के समीप गुरुवार शाम बाइक सवार सराफा कारोबारी को तीन बदमाशों ने सरेराह रोककर करीब छह लाख रुपये की लूट कर ली। लाल रंग की अपाचे बाइक से आए बदमाशों ने पहले कारोबारी के सिर पर हेलमेट और डंडे से हमला किया। विरोध करने पर तमंचे से फायरिंग कर दहशत फैलाई और सिर पर कट्टा सटाकर गोली मारने की धमकी दी।

इसके बाद पैंट की जेब में रखे 20 हजार रुपये और बैग में रखे करीब एक किलो चांदी व 20 ग्राम सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। एसपी सत्य नारायण प्रजापत ने घटनास्थल का निरीक्षण कर बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की हैं।

मूतरगंज निवासी सुरेश चंद्र सोनी पुत्र काशी प्रसाद सोनी प्रतापगढ़ के कुंडा में ज्वेलरी की दुकान चलाते हैं। गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे दुकान बंद करने के बाद वह स्प्लेंडर बाइक से घर लौट रहे थे। सिहोरी टोल प्लाजा से करीब एक किलोमीटर आगे पहुंचते ही पीछे से लाल रंग की अपाचे बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया।

सुरेश के बाइक रोकते ही बदमाशों ने हेलमेट और डंडे से उनके सिर पर प्रहार कर दिया। हमले में उनके सिर में चोट आई। कारोबारी ने विरोध किया तो एक बदमाश ने तमंचे से हवाई फायरिंग कर दी। इसके बाद बदमाशों ने तमंचा उनके सिर पर सटाकर जान से मारने की धमकी दी। बदमाशों ने उनकी पैंट की जेब से 20 हजार रुपये नकद निकाल लिए। इसके बाद बैग में रखे करीब एक किलो चांदी और 20 ग्राम सोने के आभूषण भी लूट लिए।

लूट के बाद तीनों बदमाश अपाचे बाइक से फरार हो गए। घायल और सहमे कारोबारी किसी तरह अपने घर पहुंचे और स्वजन को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के क्षेत्र में बदमाशों की तलाश की और सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया।

यह भी पढ़ें- कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर कौशांबी में दर्दनाक हादसा, बरातियों से भरी इनोवा कार डिवाइडर से भिड़ी, आठ लोग घायल

पीड़ित की तहरीर पर कोखराज पुलिस ने तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। एसपी सत्य नारायण प्रजापत ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों को जल्द घटना के राजफाश के निर्देश दिए। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें लगाई गई हैं।

यह भी पढ़ें- कौशांबी में पहले सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट निर्माण को शासन से म‍िली हरी झंडी, टेंडर में पांच फर्में हुईं शामिल