विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कौशांबी में डिजिटल जनगणना में आ रही दिक्कत, निरक्षर और बुजुर्गों को जोड़ना बड़ी चुनौती

Published: Wed, 18 Nov 2026 03:33 PM (IST)

कौशांबी में जनगणना 2027 की डिजिटल स्वगणना प्रक्रिया ग्रामीण क्षेत्रों के निरक्षर और बुजुर्गों के लिए चुनौती बन गई है।

कौशांबी में स्वगणना के लिए विवरण एकत्र करते प्रगणक। तस्वीर- जागरण

कौशांबी में स्वगणना के लिए विवरण एकत्र करते प्रगणक। तस्वीर- जागरण

HighLights

  1. ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल स्वगणना निरक्षर, बुजुर्गों के लिए चुनौती।

  2. प्रगणक घर-घर जाकर लोगों की स्वगणना में कर रहे मदद।

  3. पलायन कर चुके और बेघर लोगों की भी होगी विशेष गणना।

जागरण संवाददाता, कौशांबी। जनगणना, 2027 के तहत पहली बार शुरू की गई डिजिटल स्वगणना की प्रक्रिया ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए बड़ी चुनौती है। खासकर निरक्षर, बुजुर्ग और तकनीकी जानकारी से वंचित लोगों के लिए मोबाइल या इंटरनेट के माध्यम से स्वगणना करना सरल नहीं है। ऐसे लोगों को जनगणना की प्रक्रिया से जोड़ने के लिए प्रगणक घर-घर जाकर उनकी मदद कर रहे हैं। वह लोगों से सवाल पूछकर जनगणना प्रपत्र पर सभी जानकारियां और उत्तर दर्ज कर रहे हैं, ताकि उनकी स्वगणना की प्रक्रिया पूरी कराई जा सके।

फील्ड ट्रेनर व सुपरवाइजर रामकृष्ण ने बताया कि डिजिटल प्रक्रिया में किसी भी परिवार को गणना से वंचित नहीं रखा जाएगा। जो लोग स्वयं ऑनलाइन जानकारी दर्ज नहीं कर पा रहे हैं, उनके घर जाकर प्रगणक विवरण एकत्र करेंगे। उन्होंने लोगों को स्वगणना के प्रति जागरूक करते हुए गणना के दौरान आने वाली तकनीकी और अन्य समस्याओं के निराकरण की जानकारी दी। साथ ही अधिक से अधिक लोगों को स्वयं स्वगणना करने के लिए प्रेरित किया। बताया कि पलायन कर चुके परिवारों की गणना उनके वर्तमान निवास स्थान पर की जाएगी।

वहीं, बंद मकानों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थलों पर रहने वाले लोगों के साथ ही बेघर और घुमंतू परिवारों को पहले चिह्नित किया जाएगा। ऐसे लोगों की गणना निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चार जनवरी की शाम को प्रगणकों के माध्यम से की जाएगी। बुधवार को कड़ा विकासखंड के हिसामपुर परसखी में प्रगणक रिया सेठी व अश्वनी कुमार ने श्रीचंद, अभिमन्यु और कैलाश नाथ की डिजिटल स्वगणना में सहयोग किया।

वहीं, बुजुर्ग जगरानी, सलोनी और लालजी समेत अन्य लोगों की जानकारी जनगणना प्रपत्र पर दर्ज की गई, जिसे प्रगणक स्वयं गणना प्रक्रिया के तहत आनलाइन दर्ज कराएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल स्वगणना की सफलता के लिए तकनीकी सुविधा के साथ मानवीय सहयोग भी अहम साबित हो रहा है। प्रगणकों की सक्रियता से उन लोगों को भी जनगणना प्रक्रिया से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जो तकनीकी जानकारी के अभाव में स्वयं यह प्रक्रिया पूरी नहीं कर सकते हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।