पूरामुफ्ती के गौसपुर में भूमि विवाद, लाठी से पीटकर महिला की हत्या
पूरामुफ्ती के गौसपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर पट्टीदारों ने महिला पर लाठी से कातिलाना हमला कर दिया। परिजन अस्पताल ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। तहरीर लेकर पुलिस ने दंपती समेत बेटे के खिलाफ केस दर्ज किया और पिता व पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
संसू, चायल : पूरामुफ्ती के गौसपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर पट्टीदारों ने महिला पर लाठी से कातिलाना हमला कर दिया। परिजन अस्पताल ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। तहरीर लेकर पुलिस ने दंपती समेत बेटे के खिलाफ केस दर्ज किया और पिता व पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
गौसपुर निवासी राकेश पुत्र लालता प्रसाद का अपने पट्टीदार महादेव से भूमि विवाद की रंजिश चली आ रही है। रविवार की सुबह विवादित भूमि पर राकेश अपनी 32 वर्षीय पत्नी सुखमिला देवी व बच्चों के साथ धान की रोपाई करने गया था। इसकी जानकारी जब पट्टीदार जगदेव को हुई तो वह भी अपनी पत्नी जग्गी देवी व बेटा चंदन के साथ वहां पहुंच गया और धान की फसल लगाने से रोकते हुए गाली-गलौज करने लगा। राकेश का आरोप है कि उसकी पत्नी सुखमिला ने विरोध किया तो राकेश व उसकी पत्नी जग्गी देवी ने अपने बेटे की ओर इशारा करते हुए हत्या करने की इजाजत दे दी। आक्रोशित बेटे चंदन ने सुखमिला के सिर पर लाठी से कई वार किए। पुलिस ने जगदेव व चंदन को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। जबकि जग्गी देवी फरार हो चुकी थी। इस संबंध में कोतवाल पीके सिंह का कहना है कि तीनों नामजद आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया है। चार बिस्वा खेत के लिए हुआ खूनी खेल
राकेश ने पुलिस अफसरों को बताया कि जगदेव ने भूमि हड़पने के लिए अभिलेखों में हेराफेरी की है। चकबंदी के बाद केवल चार बिस्वा भूमि ही बची थी। इस पर भी पट्टीदार कब्जा करने की नीयत रखता था। इसे लेकर आए दिन वह मारपीट पर आमादा रहता था। कई बार उसने पूरे परिवार के हत्या की धमकी भी दी थी। मामले की शिकायत के बावजूद जिम्मेदार अफसरों ने इसे लेकर अनदेखा किया। सप्ताह भर पहले भी मारपीट करने पर उतारू हो गए थे। ग्रामीणों के हस्तक्षेप पर विवाद टल गया। डॉयल-100 पुलिस ने कार्रवाई के बजाए समझाया।