दीपावली पर कौशांबी में फुंके तीन करोड़ से ज्यादा के पटाखे, रॉकेट और स्काई शॉट की रही धूम
देर रात तक शहर से लेकर गांवों तक पटाखों की गूंज सुनाई देती रही। बाजारों में हुई बिक्री के आधार ...और पढ़ें

तस्वीर- फाइल।
जागरण संवाददाता, कौशांबी। दीपावली पर जिले में खुशियों की जमकर आतिशबाजी हुई। घरों में दीप जलाकर लोगों ने सुख-समृद्धि की कामना की तो बच्चों और युवाओं ने पटाखे फोड़कर आसमान को रंग-बिरंगी रोशनी से सराबोर कर दिया।
देर रात तक शहर से लेकर गांवों तक पटाखों की गूंज सुनाई देती रही। बाजारों में हुई बिक्री के आधार पर जिले में करीब तीन करोड़ रुपये के पटाखे फुंकने का अनुमान है।
इस बार दीपावली पर बाजारों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार पर्व की खुशियां मनाने में दिल खोलकर खर्च किया। आतिशबाजी को लेकर बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह रहा। परंपरागत पटाखों के साथ राकेट, पैराशूट, पोपपोक और स्काई शाट की खूब मांग रही।
आसमान में ऊंचाई तक जाकर रंग-बिरंगी रोशनी बिखेरने वाले स्काई शाट बच्चों और युवाओं की पहली पसंद बने रहे। वहीं छोटे बच्चों ने फुलझड़ी और अनार जलाकर दीपोत्सव का आनंद लिया। आसमान में चमकती रंगीन रोशनी और पटाखों की आवाज ने त्योहार की रौनक बढ़ा दी।
व्यापार मंडल के प्रांतीय महामंत्री रमेश अग्रहरि ने बताया कि बाजारों से मिले इनपुट के मुताबिक इस बार पटाखों का कारोबार अच्छा रहा। ब्रांडेड कंपनियों के पटाखों की मांग अधिक रही। बिक्री के आंकड़ों के आधार पर जिले में करीब तीन करोड़ रुपये के पटाखों का कारोबार होने का अनुमान है।
नौरी विस्फोट का जश्न पर नहीं दिखा असर
अगस्त में मनौरी की पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के बाद इस बार पुलिस-प्रशासन ने पटाखा कारोबार पर विशेष निगरानी रखी थी। अस्थायी दुकानों के लाइसेंस की स्वीकृति भी शुक्रवार को मिली। कारोबारियों को शुरुआत में बिक्री प्रभावित होने और नुकसान की आशंका थी।
इसी वजह से उन्होंने मांग के अनुरूप ही पटाखों का स्टाक मंगाया था। कारोबारी नीरज कसेरा, उमेश कुमार और शिवम का कहना है कि इस बार कम आवाज वाले और ग्रीन पटाखों की मांग अधिक रही। उन्हें उम्मीद नहीं थी कि कारोबार इतना बेहतर होगा। जितना माल मंगवाया गया वह रविवार की शाम तक खत्म हो गया।
आतिशबाजी के बाद सड़कों पर बिखरा कचरा
रविवार देर रात तक चली आतिशबाजी के बाद नगर से लेकर गांवों तक सड़कों और गलियों में पटाखों के अवशेष बिखरे नजर आए। जगह-जगह जले हुए कागज और फुस्स पटाखों का ढेर लगा रहा। सोमवार सुबह से ही सफाईकर्मियों की टीमों ने मोर्चा संभाला। झाड़ू लगाकर कचरा एकत्र किया गया और उसे निर्धारित स्थान पर पहुंचाकर निस्तारित कराया गया।
सुरक्षा के लिए पुलिस रही मुस्तैद
दीपावली का पर्व सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए थे। शहर से गांवों तक बीट कांस्टेबल गश्त करते रहे। थानेदार से लेकर सर्किल अफसर तक अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रहे। फायर सर्विस के जवानों और डायल-112 की टीमों को भी अलर्ट रखा गया था। कंट्रोल रूम सक्रिय रहा, जबकि प्रमुख बाजारों में ड्रोन से निगरानी की गई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।