इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव: कौशांबी के 12 केंद्रों पर हो रहा मतदान, 12 बजे तक 12.39% पड़े वोट
कौशांबी में इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए मतदान जारी है, जहां दोपहर 12 बजे तक 12.39% ...और पढ़ें

इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव मतदान के बाद कौशांबी में उत्साहित युवतियां। जागरण
HighLights
सुबह आठ से 10 बजे तक 3.17 प्रतिशत हुई थी वोटिंग
जिले में 20,140 मतदाता अपने मताधिकार का करेंगे प्रयोग
जागरण संवाददाता, कौशांबी। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव के लिए आज शुक्रवार को जिले में वोटिंग हो रही है। सुबह आठ बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 12 मतदान केंद्रों के 22 बूथों पर मतदान शुरू है। 10 बजे तक 628 मतदाताओं ने वोट डाले, जो 3.17 प्रतिशत रहा। वहीं दोपहर 12 बजे तक 12.39% मतदान हो चुका था। 20,140 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
25 पीठासीन अधिकारी तैनात
इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव वहीं, शुक्रवार को सुबह आठ बजे से बूथों पर मतदान होंगे। वोट शाम चार बजे डाले जाएंगे। चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए 25 पीठासीन अधिकारी, इतने ही मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय और मतदान अधिकारी तृतीय तैनात किए गए हैं। वहीं, 25 माइक्रो आब्जर्वरों की भी ड्यूटी लगाई गई है। इस चुनाव में 20,140 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें 14,231 पुरुष और 5909 महिला मतदाता शामिल हैं।

वोट डालने से वंचित नहीं होंगे मतदाता
उप जिला निर्वाचन अधिकारी शालिनी प्रभाकर के मुताबिक मतदेय स्थलों पर पीठासीन अधिकारियों के पास उपलब्ध मतदाता सूची में मतदाता के विवरण में आंशिक लिपिकीय अथवा मुद्रण संबधी त्रुटियां होने के आधार किसी भी मतदाता को उसके मताधिकार से वंचित नही किया जाएगा।
मतदाता की पहचान सुनिश्चित की जाएगी
यदि कोई मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदान केंद्र पर पहुंचता है और पीठासीन अधिकारी अथवा मतदान अधिकारी को मतदाता सूची में उसका विवरण में लिपिकीय अथवा मुद्रण संबंधी अशुद्धियां दिखाई देती हैं, तो ऐसे स्थिति में मतदाता की पहचान सुनिश्चित की जाएगी एवं मतदाता द्वारा प्रस्तुत फोटो पहचान पत्र एवं 10 अनुमन्य दस्तावेजों के आधार पर मतदान कराया जाएगा।
कंट्रोल रूम में दर्ज करा सकेंगे शिकायत
चुनाव के लिए कंट्रोल रूम नंबर 05331-232796 है। मतदाता इस चुनाव से संबंधित किसी प्रकार की कठिनाई होने पर इस नंबर पर संपर्क कर सुझाव प्राप्त एवं शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
109 पुलिसकर्मी कर रहे मतदान केंद्रों की सुरक्षा
एमएलसी चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले में सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी की गई है। 12 मतदान केंद्रों के 22 बूथों की सुरक्षा में 109 पुलिसकर्मी तैनात हैं। निगरानी के लिए केंद्रों को तीन सेक्टर में बांटा गया है। एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, अराजक तत्वों पर निगरानी रखने और किसी भी गड़बड़ी की सूचना मिलने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
जिनि अधिकारी, एसपी ने मतदान केंद्रों का किया भ्रमण
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अमित पाल एवं पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण ने जनपद के विभिन्न मतदेय स्थलों का भ्रमण किया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने नेशनल इंटरमीडिएट कॉलेज भरवारी, कार्यालय क्षेत्र पंचायत मूरतगंज तथा कार्यालय क्षेत्र पंचायत मंझनपुर में स्थित मतदेय स्थलों का भ्रमण किया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने भ्रमण के दौरान मतदेय स्थलों पर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के निर्देश दिए।
