जनपद में होगी 55 हजार मीट्रिक टन धान की खरीद
जनपद के किसानों को धान का वाजिब दाम मिले इसके लिए सरकार ने 55000 मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है। लक्ष्य के सापेक्ष धान की खरीद के लिए खाद्य एवं विपणन विभाग ने 31 क्रय केंद्र खोलने की तैयारी की है। नवंबर से धान की खरीद शुरू होना है लेकिन धान की फसल तैयार होने व किसानों की सुविधा के मद्देनजर 15 अक्टूबर से ही खरीदने की व्यवस्था की है।
कौशांबी : जनपद के किसानों को धान का वाजिब दाम मिले इसके लिए सरकार ने 55,000 मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है। लक्ष्य के सापेक्ष धान की खरीद के लिए खाद्य एवं विपणन विभाग ने 31 क्रय केंद्र खोलने की तैयारी की है। नवंबर से धान की खरीद शुरू होना है, लेकिन धान की फसल तैयार होने व किसानों की सुविधा के मद्देनजर 15 अक्टूबर से ही खरीदने की व्यवस्था की है।
शासन ने जनपद के किसानों से 55 हजार मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य निर्धारित किया है। वैसे तो एक नवंबर से धान खरीद करने का निर्देश है, लेकिन जिन किसानों की फसल तैयार है, वह 15 अक्टूबर से उसे बेच सकते हैं। डिप्टी आरएमओ अंशुमाली शंकर ने बताया कि धान खरीद के लिए जनपद में 31 क्रय केंद्र खोले जाएंगे। जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह के निर्देश पर 15 अक्टूबर से सभी केंद्रों पर धान की खरीद शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए सभी क्रय केंद्र प्रभारियों को निर्देश भी दिया गया है। 1,868 रुपये प्रति कुंतल के हिसाब से धान की खरीद होगी। लक्ष्य के सापेक्ष सभी केंद्र प्रभारियों को धान खरीदने का निर्देश भी दिया गया है। धान की बिक्री के लिए केंद्र पर गए किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसका ध्यान क्रय केंद्र प्रभारियों को देना होगा।
ऑनलाइन करना होगा पंजीयन
किसानों से धान खरीद के लिए ऑनलाइन सुविधा प्रदान कर रही है। जो किसान सरकारी क्रय केंद्रों में अपने धान की बिक्री करना चाहते हैं। वह खाद्य एवं रसद विभाग की ई-क्रय प्रणाली में ऑनलाइन अपना पंजीकरण करा ले। पंजीकृत किसानों से ही धान की खरीद की जाएगी। डिप्टी आरएमओ अंशुमाली शंकर ने बताया कि जिन किसानों की फसल तैयार है। वह खतौनी व पास बुक की छाया प्रति के साथ सहज जन सेवा केंद्रों में पहुंचकर पंजीयन करा ले। बगैर पंजीयन के केंद्रों में धान की खरीद नहीं होगी। क्रय केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि वह धान की खरीद के दौरान कोरोना वायरस से बचाव का पूरा ध्यान देंगे।