क्लीनिक पर प्रसूता की मौत, हंगामा
पुलिस ने परिजनों को समझाया। परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।
जासं, कासगंज : रविवार शाम शहर में एक कॉलोनी स्थित क्लीनिक पर प्रसूता की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा काटा। चिकित्सकों के समझाने के बाद भी परिजन नहीं माने। खबर मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने परिजनों को समझाया। परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।
कासगंज कोतवाली क्षेत्र के भागीपुर बढ़ेरा निवासी रवि की पत्नी आरती को शनिवार को प्रसव पीड़ा हुई थी। इस पर परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। बताया जाता है कि रविवार की दोपहर स्टाफ ने प्रसूता को इंजेक्शन दिया। परिजनों का आरोप है इंजेक्शन के बाद प्रसूता की हालत बिगड़ गई। परिजन इसके बाद इलाज के लिए अलीगढ़ ले जा रहे थे। तभी उसकी मौत हो गई। प्रसूता की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा काटा। खबर मिलने पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। इस मामले में महिला के पति ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।