विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जिस बेटी के लिए मांगी मन्नत, वह भी नहीं बची... बुलंदशहर वैन हादसे में कासगंज के परिवार के 4 लोगों की मौत, आज अंतिम संस्कार

Published: Sat, 17 Oct 2026 02:18 PM (IST)

कासगंज के देहली बुजुर्ग गांव के एक परिवार के पांच सदस्यों की बुलंदशहर में सड़क हादसे में मौत हो गई। ...और पढ़ें

सड़क हादसे में मृतकों के फाइल फोटो।

सड़क हादसे में मृतकों के फाइल फोटो।

HighLights

  1. कासगंज के देहली बुजुर्ग गांव का परिवार हादसे का शिकार।

  2. बेटी के मुंडन संस्कार की मन्नत पूरी करने जा रहे थे।

  3. बुलंदशहर में हुई सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की मौत।

जागरण संवाददाता, कासगंज। थाना सिढ़पुरा क्षेत्र के गांव देहली बुजुर्ग के एक ही परिवार के पांच सदस्यों की बुलंदशहर जिले में हुई सड़क हादसे में मौत के बाद गांव में हा-हाकार मचा है। गांव के रामदीन वर्मा का हंसता-खेलता परिवार पलभर में मौत का शिकार हो गया। गांव में देर रात तक शव पहुंचने का इंतजार होता रहा। पूरा गांव सदमे में है। आसपास के इलाके लोग भी गांव में पहुंच रहे हैं।
गांव देहली बुजुर्ग के 60 वर्षीय रामदीन वर्मा खेती करते हैं। उनके 28 वर्षीय बेटे लोकेंद्र की एक वर्षीय बेटी प्रगति का जन्म पिछले वर्ष हुआ था, तब पूरे परिवार ने मन्नत बोली थी कि बेलोन वाली माता के यहां बच्ची का मुंडन संस्कार कराएंगे।

दो धार्मिक स्थलों पर दर्शन करने के बाद हुआ हादसा

इसी मन्नत को पूरा करने के लिए लोकेंद्र और उनकी बेटी प्रगति, परिवार की ही महिला बबिता, लोकेंद्र की 30 वर्षीय पत्नी लक्ष्मी और परिवार के दो बच्चे प्रतीक और अनिका देहली बुजुर्ग से सुबह पांच बजे ईको कार से बेलोन के लिए रवाना हुए। उन्होंने बेलोन पहुंचने से पहले करणवास और खादिराबाद में दर्शन कर लिए थे, जहां से बेलोन जा रहे थे, तभी कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई।

इस हादसे में रामदीन और उनके बेटे लोकेंद्र की भी मौत हुई है। जबकि परिवार की बबिता और कार चालक 55 वर्षीय शिवशेखर मिश्रा और लोकेंद्र की बेटी प्रगति की भी मौत हो गई। रामदीन का परिवार खेती करता है।

दो बजे मिली गांव में सूचना

शुक्रवार दो बजे गांव में हादसे की सूचना पहुंची। हालांकि सिढ़पुरा पुलिस के पास भी सूचना पहुंची थी और कुछ पुलिस कर्मी गांव में पहुंचे और प्रधान को बताया कि हादसा हुआ है, जिसमें पांच लोगों की मृत्यु हुई है, तीन घायल हैं। इस सूचना पर गांव के लोग रामदीन के घर एकत्रित हो गए और भीड़ बढ़ती गई। एहतियातन पुलिस बल की भी तैनाती कर दी गई। गांव से परिवार के लोग व तमाम ग्रामीण बुलंदशहर के लिए रवाना हो गए। घर में सिर्फ कुछ महिलाएं ही बची थीं। शाम तक रिश्तेदार भी जुटने शुरू हो गए। इस हादसे में लोकेंद्र की 30 वर्षीय पत्नी लक्ष्मी और दो बच्चे पांच वर्षीय प्रतीक व 11 वर्षीय अनिका घायल हैं। इन सभी का उपचार चल रहा है। 

जिसके लिए मन्नत मांगी वह भी नहीं बची

लोकेंद की पत्नी लक्ष्मी ने जिस बेटी के लिए मन्नत मांगी थी वह भी नहीं बची। यह धार्मिक मान्यता और परंपरा है कि बच्चे के जन्म के बाद किसी धार्मिक स्थल पर जाकर मुंडन कराया जाता है। इसी परंपरा को निभाने के लिए परिवार जा रहा था, जो हादसे का शिकार हो गया।

आज अंतिम संस्कार

गांव देहली बुजुर्ग के हादसे के शिकार हुए लोगों का अंतिम संस्कार शनिवार को होगा। इस हादसे में पिता-पुत्र की तो जान गई ही है, किसी ने अपना पति खोया है तो किसी ने अपना बेटा। चालक शिवशेखर मिश्रा की भी मौत हुई है। जिला प्रशासन के अधिकारी भी इस दौरान मौजूद रहेंगे। अधिकारियों की टीम शुक्रवार को गांव में पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। अंतिम संस्कार किस स्थान पर होगा यह परिवार के सदस्यों से पूछकर ही तय किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- बुलंदशहर में अनियंत्रित वैन पेड़ से टकराई, एक साल की बच्ची, उसके पिता और दादा सहित 5 लोगों की मौत