UP राज्य और मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार के लिए आवेदन का मौका, शर्तें करनी होंगी पूरी
शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए यूपी राज्य और मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कारों के आवेदन शुरू हो गए हैं। इच्छुक शिक्षक 30 नवंबर तक माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जिसमें शैक्षिक कार्यों का विवरण और वीडियो अपलोड करना होगा।

सांकेतिक तस्वीर।
संवाद सूत्र, कासगंज। शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए राज्य अध्यापक पुरस्कार और मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार की आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। शिक्षण क्षेत्र में नवाचार और उत्कृष्ट कार्यों से पहचान बनाने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं के लिए सम्मान पाने का अवसर है। इच्छुक शिक्षक 30 नवंबर तक माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
डीआइओएस रजनेश कुमार ने बताया कि आवेदकों को शैक्षिक कार्यों का विवरण, उपलब्धियां और पांच मिनट का वीडियो अपलोड करना अनिवार्य है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 30 नवंबर तक प्राप्त जनपदीय समिति एक से 15 दिसंबर तक आवेदनों की जांच और स्थलीय सत्यापन करेगी।
इसके बाद 16 से 30 दिसंबर तक मंडलीय समिति आवेदनों का परीक्षण करेगी। 31 दिसंबर से 14 जनवरी 2027 तक राज्य निदेशालय स्तर पर परीक्षण होगा। 15 से 24 जनवरी तक राज्य स्तरीय समिति अंतिम चयन करेगी।