विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी का सहावर बाईपास: 47.87 करोड़ से बनेगा 3.40 KM लंबा दो लेन रोड, 28 करोड़ खर्च होगा जमीन खरीद पर

Published: Sat, 26 Sep 2026 07:46 AM (IST)

कासगंज के सहावर कस्बे में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए प्रस्तावित बाईपास को व्यय वित्त समिति से मंजूरी मिल गई ...और पढ़ें

सहावर बाईपास के लिए तैयारी में जुटे लोक निर्माण विभाग के अधिकारी। जागरण

सहावर बाईपास के लिए तैयारी में जुटे लोक निर्माण विभाग के अधिकारी। जागरण 

HighLights

  1. सहावर बाईपास निर्माण को व्यय वित्त समिति से मिली मंजूरी

  2. 47.87 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा 3.40 KM बाईपास

  3. कस्बे में यातायात दबाव कम होगा, भूमि अधिग्रहण पर 28 करोड़

जागरण संवाददाता, कासगंज। सहावर कस्बे में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और मुख्य मार्गों पर वाहनों का दबाव कम करने की कवायद अब आगे बढ़ गई है। प्रस्तावित सहावर बाईपास के नवनिर्माण को 22 सितंबर को हुई व्यय वित्त समिति की बैठक में मंजूरी मिल गई है। करीब 47.87 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला बाईपास 3.40 किलोमीटर लंबा और दो लेन का होगा। अब शासनादेश जारी होने का इंतजार है।
शासनादेश जारी होते ही लोक निर्माण विभाग की ओर से परियोजना को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। लोक निर्माण विभाग ने सहावर बाईपास के निर्माण के लिए 4787.04 लाख रुपये यानी करीब 47.87 करोड़ रुपये का विस्तृत परियोजना प्रस्ताव शासन को भेजा था।

प्रस्ताव को 22 सितंबर को अपर मुख्य सचिव वित्त एवं वित्त आयुक्त की अध्यक्षता में सचिवालय सभागार में आयोजित व्यय वित्त समिति की बैठक में रखा गया। समिति ने परियोजना को अनुमोदित कर दिया है।

3.40 किलोमीटर लंबा होगा दो लेन बाईपास, कस्बे में घटेगा वाहनों का दबाव

प्रस्तावित बाईपास का निर्माण दो लेन में किया जाएगा। इसकी कुल लंबाई 3.40 किलोमीटर निर्धारित की गई है। बाईपास बनने के बाद कस्बे के बीच से गुजरने वाले बाहरी और भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्ग मिल सकेगा। इससे मुख्य बाजार सहित प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है। जाम की समस्या घटने के साथ स्थानीय लोगों को आवागमन में भी सहूलियत मिलेगी। 

यह भी पढ़ें- नीचे नदी ऊपर हजारा नहर: 2.5 करोड़ रु से संवरेगा ऐतिहासिक नदरई झाल का पुल, दिसंबर तक बनेगा पर्यटन केंद्र

28 करोड़ से होगा भूमि अधिग्रहण

सहावर बाईपास के निर्माण के लिए प्रस्तावित करीब 47.87 करोड़ रुपये में लगभग 28 करोड़ रुपये भूमि अधिग्रहण पर खर्च किए जाएंगे। शासनादेश जारी होने के बाद भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके बाद सड़क निर्माण से संबंधित अन्य औपचारिकताएं पूरी कराई जाएंगी।

सहावर बाईपास के नवनिर्माण के लिए करीब 47.87 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। 3.40 किलोमीटर लंबे दो लेन बाईपास को 22 सितंबर की व्यय वित्त समिति की बैठक में अनुमोदन मिल गया है।15 दिन के अंदर शासनादेश जारी हो जाएगा। 28 करोड रूपये से भूमि अधिग्रहण की जाएगी। निर्धारित विभागीय प्रक्रिया पूरी कराकर परियोजना को आगे बढ़ाया जाएगा।

-

ज्ञान प्रकाश, अधिशासी अभियंता, पीडब्लूडी विभाग,कासगंज।