समस्याओं से जूझ रहा जिले का किसान
भाजपा पूर्व मंडल महामंत्री ने डीएम को ज्ञापन दिया। इसमें समस्याओं के निराकरण की मांग की है।
कासगंज, संवाद सहयोगी। जनपद के किसान अनेक समस्याओं से जूझ रहे हैं। लेकिन, उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व मंडल अध्यक्ष ने डीएम को ज्ञापन देकर समस्याओं के निराकरण की मांग की है।
भारतीय जनता पार्टी पटियाली के पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं जिला पंचायत चुनाव संयोजक वार्ड नं. 3 अवधेश दुबे ने जिलाधिकारी सीपी सिंह को 11 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा है। इनमें किसानों की सिचाई, बिजली सहित अन्य समस्याओं का हवाला देते हुए कहा है कि वर्तमान में जब पंचायत चुनावों के प्रचार प्रसार के लिए ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा करना पड़ रहा है तो ऐसे में किसानों की अनेक समस्याएं सामने आ रही हैं, जिसमें प्रमुख समस्या सिचाई व खराब नलकूपों से संबंधित है। उन्होंने डीएम से मांग की है कि किसानों की समस्याओं का समाधान कराया जाए। लापरवाह अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने भाजपा नेता को आश्वस्त किया है कि शिकायतों की जांच कराकर समस्याओं का निस्तारण कराया जाएगा।