दरियावगंज में दो मकानों से चोरी
पीड़ित सगे भाई के मकान अगल-बगल बने हैं। वारदात के दौरान दोनों का परिवार छत पर था।
दरियावगंज (कासगंज), संवाद सूत्र। पटियाली कोतवाली के नौगामा गांव में चोरों ने दो सगे भाइयों के घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। छत पर सो रहे स्वजन बुधवार सुबह जब नीचे पहुंचे तो सामान बिखरा पड़ा देख कर चौंक गए।
सगे भाई लोकपाल सिंह एवं नाहर सिंह के मकान गांव में आसपास बने हुए हैं। मंगलवार की रात को दोनों के परिवार छत पर सो रहे थे। बताया जाता है कि बदमाश मकान के पीछे से चढ़कर नाहर सिंह के घर में घुस गए। बदमाशों ने यहां रखे सोने-चांदी के आभूषण के साथ नकदी चुरा लिये। मकान के बीच में लगी हुई खिड़की को तोड़कर लोकपाल के घर में घुसे तथा कमरे में रखे बक्शे के ताले तोड़ दिये। उसमें रखी जंजीर, झुमकी एवं 50 हजार की नकदी भी चुरा ले गए। सुबह स्वजनों के जागने पर चोरी की घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की। चौकी प्रभारी प्रेमपाल सिंह का कहना है कि परिवार के ही एक सदस्य की गतिविधि संदिग्ध हैं, पुलिस जांच कर रही है।