अफवाहों ने बढ़ा दी पुलिस की समस्या
बच्चा चोर के शक में निर्दोषों के साथ हो रही मारपीट की घटनाएं पुलिस ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों को किया जागरूक
जागरण संवाददाता, कासगंज : बच्चा चोर गैंग की अफवाह ने पुलिस की समस्या बढ़ा दी है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक यह अफवाह फैली हुई है। यह अफवाह तेजी से सोशल मीडिया से फैल रही है। निर्दोष लोग भीड़ के इस आक्रोश का शिकार हो रहे हैं। कासगंज में ऐसी कई घटनाएं हो चुकी है। पुलिस इसकी रोकथाम के लिए लोगों को जागरूक कर रही है।
जिले में बच्चा चोर गैंग का सक्रिय है। यह अफवाह सोशल मीडिया से लेकर लोगों की जुबां तक फैली हुई है। बच्चों के परिजन भी इस अफवाह से चितित है। वहीं इसने पुलिस की समस्या बढ़ा दी है। आक्रोशित भीड़ द्वारा निर्दोष लोगों से मारपीट की जा रही है। कासगंज में बीते सप्ताह कासगंज- सिकंदराराऊ मार्ग पर बच्चे के अपहरण के शक में भीड़ ने एक कार को आग लगाकर दो लोगों के साथ मारपीट की थी। इसके अलावा ग्राम भैंसोरा में तीन दिन पूर्व एक संदिग्ध महिला को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया। शुक्रवार को शहर पालनगर में दामाद के घर आई एक महिला के साथ भीड़ ने मारपीट की। पुलिस के लिए यह घटनाएं सर दर्द बनती जा रहीं है। एसपी के निर्देश पर ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस चौपाल लगाकर लोगों को जागरूक कर रही है। एसपी सुशील घुले स्वयं सोशल मीडिया और प्रिट मीडिया के माध्यम से लोगों से इस तरह की अफवाहों पर ध्यान देने की अपील कर चुके हैं।