ठिठुरनभरी सर्दी से लोग बेहाल
दोपहर तक छाया रहा कोहरा, रेंगकर चला सड़क यातायात कुछ घंटो के लिए निकले सूर्यदेव, नहीं छोड़ सके तपन
कासगंज, जागरण संवाददाता। रविवार को ठंड के तेवर तल्ख रहे। ठंडी हवाओं से ठिठुरन भरी सर्दी और कोहरे से जनजीवन अस्तव्यस्त रहा। कोहरे से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर बाद कोहरा छटा। सूर्यदेव निकले, लेकिन अपनी तपन नहीं छोड़ सके और कुछ घंटो बाद ही बादलों में जा छिपे।
शनिवार को भी मौसम ठंडा रहा। शाम से ही कोहरा पड़ने लगा। ग्रामीण क्षेत्रों और बाहरी इलाकों में जबरदस्त कोहरा रात से ही था। रविवार की सुबह कोहरा घना हो गया और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बड़े वाहन रेंग रेंग कर चलते दिखे। सुबह से ही ठंडी हवाएं चलती रहीं। दोपहर लगभग एक बजे कोहरा छटा बादल साफ हुए तो लगभग 2 बजे सूर्यदेव बादलों से झांके, लेकिन अपनी तपन नहीं छोड़ सके। चार बजे ही सूर्यदेव बादलों की कोख में पुन: जा छिपे। ठंड से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर में भी लोग देर से घरों से निकले और बाजार भी देरी से खुले। रविवार को न्यूनतम तापमान 7 और अधिकतम 18 डिग्री सेल्सियस रहा। ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह से ही लोग अलाव तापकर ठंड से निजात पाने क प्रयास करते देखे गए।