कासगंज में सड़क हादसों से मातम, तीन कांवड़ियों समेत चार की जान गई, 23 घायल
कासगंज जिले में शनिवार-रविवार को हुए सड़क हादसों में तीन कांवड़ियों समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 23 घायल हुए। मोहनपुरा बाईपास, सोरों और कासगंज-मिरहची मार्ग पर अलग-अलग दुर्घटनाएं दर्ज की गईं।

कासगंज में हादसों के बारे में जानकारी करने हॉस्पिटल पहुंचे एसपी ओपी सिंह।
जागरण संवाददाता, कासगंज। जिले में शनिवार और रविवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में तीन कांवड़ियों समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 23 लोग घायल हो गए। मोहनपुरा बाईपास पर बाइक फिसलने से अलीगढ़ निवासी युवक की मौत हो गई। सोरों क्षेत्र में दूसरे वाहन की टक्कर से कांवड़ लेने जा रहे युवक की जान चली गई।
कछला से गंगा स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं के समूह में शामिल 65 वर्षीय बुजुर्ग ट्रैक्टर-ट्रॉली से गिरकर पहिए के नीचे आ गए। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, कासगंज-मिरहची मार्ग पर स्कूटी फिसलने से घायल हुई एटा निवासी महिला ने अलीगढ़ के निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
कासगंज कोतवाली क्षेत्र के मोहनपुरा बाईपास पर रविवार रात हादसा हुआ। अलीगढ़ के थाना अकराबाद क्षेत्र के गांव गोपी निवासी 25 वर्षीय गोपाल अपने साथियों के साथ दो बाइकों से लहरा गंगा घाट कांवड़ लेने जा रहा था। साथियों के मुताबिक, नगला डुकरिया से पहले एक ढाबे पर सभी ने शराब का सेवन किया था।
इसके बाद गोपाल अकेले बाइक लेकर आगे निकल गया। मोहनपुरा बाईपास पर बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई। जिला अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सोरों कोतवाली क्षेत्र में रतन दुलारे अस्पताल के पास रविवार रात करीब साढ़े दस बजे हादसा हुआ। मैनपुरी के थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव रठेरा निवासी 22 वर्षीय रोहित उर्फ छोटू पुत्र रामनक्षत्र बाइक से लहरा गंगा घाट कांवड़ लेने जा रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक दूसरे वाहन से टकरा गई। हादसे में रोहित की मौत हो गई। उसके साथी धर्मेंद्र और रिंकेश घायल हो गए।
एटा के वीरमपुर निवासी करीब 35 वर्षीय श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्राली से कछला घाट गंगा स्नान के लिए गए थे। लौटते समय मालगोदाम चौराहे और मिशन चौराहे के बीच ट्रैक्टर पर आगे बैठे नगला गोजिया निवासी छोटेलाल को नींद आ गई। अचानक वह ट्रैक्टर से नीचे गिर गए और ट्रैक्टर व ट्रॉली के बीच आ गए। सिर और हाथ में गंभीर चोट लगने पर उन्हें जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
एटा के थाना मिरहची क्षेत्र के गांव हजरतपुर निवासी किताबश्री (50) पत्नी गंगा सिंह शनिवार दोपहर बेटे दीपेंद्र के साथ स्कूटी से कासगंज से अपने गांव लौट रही थीं। कासगंज-मिरहची मार्ग पर बोर्डर के पास स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में किताबश्री गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
परिजन उन्हें अलीगढ़ के निजी अस्पताल ले गए, जहां रविवार रात करीब 11 बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में चार लोगों की मृत्यु हुई है। संबंधित थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा और मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। सभी घटनाओं में आवश्यक साक्ष्य जुटाकर जांच की जा रही है। हादसों के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- ओपी सिंह, एसपी, कासगंज।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।