थूक लगाकर रोटी बनाने का वीडियो वायरल, कासगंज में ढाबे का लाइसेंस निलंबित
थूक लगाकर रोटी बनाने का वीडियो वायरल होने के बाद कासगंज के लखनवी जायका प्रतिष्ठान का खाद्य पंजीकरण निलंबित कर दिया गया है। निरीक्षण में गंदगी और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी अनियमितताएं मिलने पर प्रतिष्ठान को सुधार तक बंद रखने का आदेश दिया गया है।

AI जेनरेटेड सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, कासगंज। थूक लगाकर रोटी बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर के लखनवी जायका प्रतिष्ठान के खिलाफ कार्रवाई की है। विभागीय अधिकारियों के निरीक्षण में प्रतिष्ठान में गंदगी और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कई अनियमितताएं मिलीं। इस पर प्रतिष्ठान का खाद्य पंजीकरण निलंबित कर दिया गया है।
अधिकारियों ने बिरयानी के चावल और चिकन ग्रेवी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। सुधार होने तक प्रतिष्ठान बंद रहेगा। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ओमवीर सिंह और प्रतिमा त्रिपाठी ने प्रसारित वीडियो का संज्ञान लेकर प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने वहां साफ-सफाई की व्यवस्था देखी तो गंदगी मिली।
वीडियो में रोटी बनाते दिखाई दे रहे युवक के बारे में प्रतिष्ठान संचालक से पूछताछ की गई। संचालक बदायूं जिले के इरफान ने बताया कि संबंधित युवक को काम से हटा दिया गया है। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को कई अन्य कमियां भी मिलीं। प्रतिष्ठान में इस्तेमाल होने वाले पानी की जांच नहीं कराई गई थी। कर्मचारियों का मेडिकल परीक्षण भी नहीं कराया गया था।
खाद्य पदार्थों को तैयार करने और सुरक्षित रखने से जुड़े मानकों का भी पालन नहीं किया जा रहा था। अधिकारियों ने मौके पर कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठान का खाद्य पंजीकरण निलंबित कर दिया। साथ ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए बिरयानी के चावल और चिकन ग्रेवी के नमूने संग्रहित किए। इन्हें प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है।
सहायक आयुक्त खाद्य कुलदीप कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो को गंभीरता से लेते हुए प्रतिष्ठान का निरीक्षण कराया गया था। जांच में साफ-सफाई का अभाव और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कई कमियां मिली हैं। इसी आधार पर खाद्य पंजीकरण निलंबित किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।