चुनाव से पहले चली तबादला एक्सप्रेस, कासगंज में 14 इंस्पेक्टर्स का हुआ ट्रांसफर
आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 की तैयारियों के तहत कासगंज में 14 पुलिस निरीक्षकों का स्थानांतरण किया गया है। इन्हें ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के मद्देनजर कार्रवाई।
अलीगढ़, एटा, हाथरस सहित अन्य जनपदों में मिली नई तैनाती।
जागरण संवाददाता, कासगंज। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के दृष्टिगत पुलिस विभाग में स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी क्रम में अलीगढ़ परिक्षेत्र के जनपद कासगंज में तैनात 14 निरीक्षकों को परिक्षेत्र के अन्य जनपदों में स्थानांतरित किया गया है। इनमें निरीक्षकों को अलीगढ़, एटा और हाथरस समेत विभिन्न जनपदों में नई तैनाती दी गई है।
पुलिस महानिरीक्षक स्थापना, उत्तर प्रदेश लखनऊ की ओर से 29 अक्टूबर और 12 नवंबर 2026 को जारी निर्देशों के क्रम में यह कार्रवाई की गई है। परिक्षेत्रीय पुलिस स्थापना बोर्ड के सदस्यों ने 15 नवंबर को सर्वसम्मति से स्थानांतरण का निर्णय लिया। इसके बाद तत्काल प्रभाव से आदेश जारी कर दिए गए।
जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक ब्रजपाल सिंह और लोकेश भाटी को एटा, गोविंद वल्लभ शर्मा, ब्रह्मप्रकाश, राधेश्याम, अजयवीर सिंह, श्रीकांत, चंद्रेश गौतम, जेनुल हसन और मंजूर अली को अलीगढ़, जबकि यतींद्र प्रताप सिंह को हाथरस स्थानांतरित किया गया है। इसके अतिरिक्त अन्य निरीक्षकों के स्थानांतरण भी आदेश में शामिल हैं।
यह आदेश परिक्षेत्रीय पुलिस स्थापना बोर्ड की बैठक के कार्यवृत्त के आधार पर जारी किया गया है। विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के स्थानांतरण संबंधी निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।