कासगंज में महिला की हत्या कर शव हाईवे किनारे फेंका, हाथ में बीयर की कैन मिली
कासगंज में मथुरा-बरेली हाईवे किनारे एक अज्ञात विवाहित महिला का शव मिला, जिसके चेहरे और गर्दन पर खरोंच के निशान थे। पुलिस हत्या की आशंका जता रही है और शिनाख्त के प्रयास जारी हैं, साथ ही बियर कैन और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, कासगंज। मथुरा-बरेली हाईवे किनारे बुधवार सुबह छह बजे एक अज्ञात विवाहित महिला का शव मिला। महिला की उम्र करीब 32 वर्ष बताई जा रही है। उसके चेहरे और गर्दन पर खरोंच जैसे निशान मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि महिला की हत्या किसी अन्य स्थान पर करने के बाद शव यहां लाकर फेंका गया है। फिलहाल मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
दुष्कर्म की भी आशंका बनी हुई है। मामला कासगंज कोतवाली क्षेत्र में क्यामपुर-बहेड़िया के सामने हाईवे किनारे स्थित सुरेंद्र के बाग के पास का है। बुधवार सुबह करीब छह बजे गांव गोरहा निवासी राज अपने साथी पवन कुमार और अन्य युवकों के साथ हाइवे पर दौड़ने निकले थे। इसी दौरान उन्हें सड़क किनारे महिला का शव दिखाई दिया। उन्होंने डायल-112 पर सूचना दी।
मृतका की नाक के बाईं तरफ हल्की खरोंच और गर्दन के दाईं तरफ नाखून से खरोंच जैसे निशान मिले हैं। उसके मुंह से गुटखे जैसा पदार्थ निकल रहा था। महिला ने सफेद-काली लाइनदार गर्म कुर्ती, काली पाजामी और नीला दुपट्टा पहन रखा था। घटनास्थल से नीला महिला पर्स, पानी की बोतल, प्रसाधन सामग्री, प्रसाद, पेन और चाबियां भी बरामद हुई हैं। महिला के पास से फोन नहीं मिला।
जांच के दौरान महिला के बाएं हाथ में बडवाइजर कंपनी की बीयर की कैन मिली। बारकोड की जांच में कैन बदायूं जिले के सहसवान थाना क्षेत्र के शहबाजपुर स्थित ठेके से खरीदी जाने की जानकारी सामने आई है। महिला के हाथ में द्वारकाधीश लिखा लाल धागा भी बंधा मिला है। पुलिस आसपास के जिलों में महिला की पहचान कराने के साथ ही मामले के विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
एसपी ओपी सिंह ने भी मौका मुआयना किया। सीओ आंचल चौहान ने बताया कि महिला की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम गृह में रखवा दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।