चंदन की याद में तिरंगामय होगा गुजरात का वापी
जिले में तिरंगा यात्रा निकालने की इजाजत नहीं मिलने पर चंदन के भाई ने अधिकारियों को लिख्खा था पत्र
जागरण संवाददाता, कासगंज: जिले में भले ही तिरंगा यात्रा को लेकर पुलिस अलर्ट हो। उत्तर प्रदेश में कई जिलों में यात्रा की अनुमति नहीं दी गई हो, लेकिन गणतंत्र दिवस पर जान गवां चुके देशभक्त चंदन की याद में गुजरात के वापी शहर में तिरंगा यात्रा जरूर निकलेगी। सहयोगियों के साथ चंदन गुप्ता का भाई गुजरात पहुंच गया है। वहां तमाम देशभक्त यात्रा की तैयारी कर चुके हैं। बताया जा रहा है कि यात्रा 1790 फुट लंबे तिरंगे के साथ निकाली जाएगी।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कासगंज द्वारा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के अध्यक्ष अमित शाह को ट्वीट कर बताया गया कि कासगंज में तिरंगा यात्रा नहीं निकाली जा रही है, क्योंकि प्रशासन अनुमति नहीं दे रहा है। स्वतंत्रता दिवस पर हम अपने देश में तिरंगा यात्रा क्यों नहीं निकाल सकते। हमें यात्रा निकालने की अनुमति दी जाए। हमारी देशभक्ति की भावनाओं ने खिलवाड़ न किया जाए। इस ट्वीट सरकार ने तो गंभीरता नहीं दिखाई, लेकिन इस पर गुजरात प्रदेश के वापी शहर के शैलेश दुबे नाम के व्यक्ति ने अपना जवाब भेजा है। उन्होंने ट्वीट कर जानकारी दी है कि कासगंज के चंदन गुप्ता की याद में गुजरात के वापी में ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। 1700 फुट लंबे तिरंगे के साथ यात्रा शहर भर में घूमेगी। चंदन गुप्ता का भाई अन्य सहयोगियों के साथ वापी पहुंच गया है। इस ट्वीट पर जिन लोगों ने इस तरह की जानकारी पढ़ी है, वह काफी उत्साहित हैं। उनके अंदर देशभक्ति की भावना जाग रही है। उनका कहना है कि जिस तरह वापी में तिरंगा यात्रा की तैयारी की गई है। देशभर में ऐसी यात्रा निकाली जानी चाहिए। स्वतंत्रता दिवस पर हमारे जुनून को रोका जाना अभिव्यक्ति की आजादी का हनन तो है ही बल्कि देश की भावनाओं के साथ खिलवाड़ भी है।