कासगंज में हाईवे किनारे मिले महिला के शव की शिनाख्त, दिल्ली में सरकारी शिक्षिका थी मृतका
कासगंज में हाईवे किनारे मिले अज्ञात महिला के शव की पहचान दिल्ली की सरकारी शिक्षिका अरुणा यादव के रूप में हुई है। स्वजन ने अपहरण के बाद हत्या की आशंका जताते हुए पहले पति पर संदेह व्यक्त किया है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

मृतक शिक्षिका अरुणा यादव का फाइल फोटो इनसेट में।
जागरण संवाददाता, कासगंज। कोतवाली कासगंज क्षेत्र में क्यामपुर बहेड़िया के पास बीते बुधवार 25 नवंबर को हाईवे किनारे मिले अज्ञात महिला के शव की शनिवार को शिनाख्त हो गई। मृतका की पहचान शाहजहांपुर निवासी 40 वर्षीय अरुणा यादव के रूप में हुई है। वह दिल्ली के एक इंटर कालेज में अंग्रेजी विषय की सरकारी शिक्षिका थीं।
स्वजन ने अपहरण के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए पहले पति पर संदेह व्यक्त किया है। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या के आरोपों की पुष्टि नहीं की है। महिला की पहचान नहीं होने पर पुलिस ने शव को सुरक्षित पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया था। शनिवार को पहुंचे स्वजन ने शव की पहचान की। मृतका के भाई अमित यादव ने बताया कि अरुणा की शादी वर्ष 2014 में बदायूं निवासी हरिनंदन के साथ हुई थी।
शादी के सात साल तक संतान नहीं होने पर पति ने उन्हें छोड़ दिया और दूसरी शादी कर ली। दूसरी पत्नी से उसके तीन बच्चे हैं। इस मामले में अरुणा ने वर्ष 2024 में न्यायालय में मुकदमा भी दर्ज कराया था, जो विचाराधीन है।अमित के अनुसार, वर्ष 2024 में परिवार ने अरुणा की दूसरी शादी शाहजहांपुर निवासी अजय कुमार से कराई थी।
अजय सीआरपीएफ में तैनात हैं और वर्तमान में छत्तीसगढ़ में उनकी पोस्टिंग है। घटना की जानकारी मिलने पर वह वहां से रवाना हो गए हैं। स्वजन ने आरोप लगाया कि अरुणा का दिल्ली से अपहरण कर हत्या की गई है। उन्होंने पहले पति हरिनंदन पर संदेह जताया है। हालांकि, अभी परिवार की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।शनिवार को शव का पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया।
इसके बाद स्वजन अंतिम संस्कार के लिए शव को शाहजहांपुर ले गए। कासगंज इंस्पेक्टर जगदीश चंद्र ने बताया स्वजन शव शाहजहांपुर ले गए है। तहरीर दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही हत्या का खुलासा कर दिया जाएगा। पुलिस लगातार हत्यारों की तलाश में जुटी हुई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।