आलू बीज पर सब्सिडी के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू, कुफरी किस्म लेने पर प्रति क्विंटल 1000 रुपये का लाभ
कासगंज में उद्यान विभाग ने रबी सीजन के लिए आलू बीज पर अनुदान देना शुरू किया है।

तस्वीर फाइल।
HighLights
अनुदान पर आलू बीज के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू।
उद्यान विभाग दे रहा कुफरी प्रजातियों के बीज।
प्रति क्विंटल 1000 रुपये का अनुदान मिलेगा।
जागरण संवाददाता, कासगंज। रबी सीजन में आलू की खेती के लिए किसानों ने खेतों को तैयार किया है। उद्यान विभाग आलू के किसानों के लिए अनुदान पर बीज उपलब्ध करा रहा है।
अनुदान पर आलू का बीज उपलब्ध कराने के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी गई है। किसान उद्यान विभाग के विकसित पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ ले सकते हैं। जिले में किसान इन दिनों फसल की तैयारी में जुटे हैं।
जिले में लगभग 5500 हेक्टेयर में आलू की खेती की जाती है। यह मौसम आलू की बुवाई के लिए अनुकूल है। उद्यान विभाग के द्वारा आगामी रबी की फसल के लिए बीज आवंटन की प्रक्रिया शुरू की गई है।
विभाग की ओर से किसानों को आलू की विभिन्न प्रजातियों का बीज उपलब्ध कराया जाएगा। इनमें कुफरी बहार, कुफरी चिप्सोना-1, कुफरी सूर्या, कुफरी संगम, कुफरी ख्याति और कुफरी मोहन शामिल हैं। अनुदान की राशि डीबीटी के माध्यम से खाते में भेजी जाएगी।

जिला उद्यान अधिकारी रवि चंद्र जयसवार ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को ऑनलाइन आवेदन के साथ आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराने होंगे। आवेदन के लिए फोटोयुक्त वैध पहचान पत्र, आधार कार्ड, बैंक खाते का विवरण और खसरा-खतौनी जरूरी होगी।
इसके अलावा कुल देय धनराशि की पांच से 25 प्रतिशत तक अग्रिम राशि जमा करने की रसीद भी प्रस्तुत करनी होगी। किसान आवेदन करते समय सभी जरूरी दस्तावेज तैयार रखें, ताकि बीज बुकिंग की प्रक्रिया में परेशानी न हो।
- 5500 हेक्टेयर में जिले में होती है आलू की खेती
- 1000 रुपये का अनुदान मिलेगा प्रति क्विंटल
- 5 से 25 प्रतिशत धनराशि अग्रिम करनी होगी जमा
यह है विक्रय दर
विभाग द्वारा निर्गत आलू बीज की श्रेणीवार विक्रय दर
| श्रेणी | विक्रय दर (रुपये प्रति क्विंटल) |
|---|---|
| आधारित प्रथम सीड साइज़ | 3630.00 |
| आधारित द्वितीय सीड साइज़ | 3480.00 |
| आधारित प्रथम ओवर साइज़ | 3040.00 |
| आधारित द्वितीय ओवर साइज़ | 2980.00 |
यह भी पढ़ें- धान की कटाई के बाद खेत में उगाएं अगैती आलू, कुफरी चिप्सोना और आनंद जैसी किस्मों से दोगुनी होगी कमाई
