कासगंज में सेल्फी लेते हुए हजारा नहर में गिरा बी-फार्मा का छात्र, तलाश में जुटे गोताखोर
कासगंज में दीपावली की शाम सेल्फी लेते समय एक बी-फार्मा छात्र हजारा नहर में गिर गया, जिसकी तलाश जारी है। ...और पढ़ें

हजारा नहर और इनसेट में अवनीश का फाइल फोटो।
जागरण संवाददाता, कासगंज। दीपावली की शाम साढे छह बजे थाना ढोलना क्षेत्र में गांव भगवंतपुर के निकट सेल्फी लेते समय बी-फार्मा का छात्र हजारा नहर में गिर गया। गोताखोर उसकी तलाश कर रहे हैं मगर कहीं भी सुराग नहीं लगा है। दूसरे दिन सोमवार को भी नहर में उसकी तलाश की जा रही है। त्यौहार के दिन हुए हादसे के बाद छात्र के घर में कोहराम मचा है।
नगला भूरा निवासी 23 वर्षीय अवनीश पुत्र नरायन सिंह अपने तीन दोस्तों सचिन और अंकुश निवासी नगला बैनी तथा विशाल निवासी कलियानपुर के साथ रविवार को हजारा नहर पर पहुंचा था। दोस्तों का कहना है कि अवनीश नहर किनारे खड़े होकर मोबाइल फोन से सेल्फी लेने लगा। तभी उसका पैर फिसल गया और नहर में गिर गया। उसे बचाने की भरपूर कोशिश की मगर पानी का बहाव तेज होने के कारण उसका पता नहीं चला।
इस दौरान मौके पर लोग एकत्रित हो गए और अवनीश के स्वजन को स्वजन को सूचना दी तो वे मौके पर पहुंच गए। थोड़ी देर में ही गोताखोरों को लेकर पुलिस भी पहुंच गई और रात तक नहर में तलाश की जाती रही। अवनीश तीन बहन-भाइयों में सबसे छोटा था। वह बी-फार्मा की पढ़ाई मंगलायतन यूनीवर्सिटी अलीगढ से कर रहा था।
पिता नारायण सिंह का आरोप है कि बैनी नगला और कलियानपुर गांव के रहने वाले उसके दोस्त घर आए थे और बेटे को अपने साथ बुलाकर ले गए थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अवनीश दोस्तों के साथ नहर किनारे गया था। वहां सेल्फी लेने के दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नहर में गिरा। पुलिस ने सचिन और अंकुश को हिरासत में ले लिया है। अवनीश से परिवार को काफी उम्मीदें थीं।
दोस्तों के साथ घर से निकलने के बाद नहर में गिरने की खबर से स्वजन परेशान हैं। पिता नारायण सिंह बेटे की सलामती की उम्मीद लगाए बैठे हैं। घर में सभी को उसके सकुशल लौटने का इंतजार है।
ढोलना थाना इंस्पेक्टर अवधेश भदौरिया ने बताया युवक के नहर में गिरने की जानकारी मिली है तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पीएसी और स्थानीय गोताखोरों की मदद ली जा रही है। दो दोस्तों सचिन और अंकुश से पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।