विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कासगंज में गंगा की तलहटी पर बसेगा तंबुओं का शहर, ककोड़ा मेले की तैयारियां शुरू

By Suman Kumar Edited By: Prateek Gupta
Published: Sat, 14 Nov 2026 08:04 PM (IST)

कासगंज में गंगा किनारे लगने वाले ऐतिहासिक ककोड़ा मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। देवोत्थान एकादशी से शुरू होकर ...और पढ़ें

कासगंज में गंगा की तलहटी पर सजते डेरे।

कासगंज में गंगा की तलहटी पर सजते डेरे।

HighLights

  1. ककोड़ा मेले की तैयारियां गंगा किनारे शुरू हो चुकी हैं।

  2. 700 साल पुराना यह मेला मिनी कुंभ भी कहलाता है।

संवाद सूत्र, गंजडुंडवारा (कासगंज)। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा के दोनों किनारों पर लगने वाले ऐतिहासिक ककोड़ा मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। देवोत्थान एकादशी से धार्मिक अनुष्ठानों के साथ मेले का आगाज होगा। कासगंज और बदायूं जिले की सीमा पर गंगा की कटरी में एक बार फिर तंबुओं का शहर बसेगा। कई दिनों तक चलने वाले मेले में दूर-दराज से साधु-संत, कल्पवासी और श्रद्धालु पहुंचेंगे।

गंगा स्नान, पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच कार्तिक पूर्णिमा पर शाही स्नान होगा। इस मेले को मिनी कुंभ भी कहा जाता है। कादरगंज घाट पर मेले का आयोजन कासगंज जिला पंचायत और गंगा पार बदायूं जिला पंचायत की ओर से कराया जाता है। मेले का सामूहिक उद्घाटन जिलाधिकारी और जिला पंचायत अध्यक्ष करेंगे।

गंगा पार के एक दर्जन से अधिक गांवों की जमीन सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र में आती है, जबकि उस पार मेले की सुरक्षा व्यवस्था बदायूं पुलिस संभालती है। मेले में गंगा की रेणुका श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगी। मान्यता है कि गंगा की मुख्य धारा के साथ बहकर आने वाली पवित्र रेत में स्नान करने और चुटकी भर रेणुका प्रसाद के रूप में ग्रहण करने से पुण्य मिलता है।

आसपास के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालु इस परंपरा का निर्वहन करते हैं। जिला प्रशासन और जिला पंचायत की ओर से श्रद्धालुओं के ठहरने, पेयजल, प्रकाश, सफाई और आवागमन की व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की तैयारी की जा रही है।

घाटों पर स्नान के दौरान सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के इंतजाम भी किए जाएंगे। कल्पवासी कई दिनों तक गंगा किनारे पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान करेंगे। वहीं, अस्थायी दुकानें सजने से कटरी क्षेत्र में मेले की रौनक बढ़ेगी।

700 साल पुराना है ककोड़ा मेले का इतिहास

ककोड़ा मेले की परंपरा करीब सात सौ साल पुरानी है। प्रचलित मान्यता के मुताबिक, बगदाद निवासी नवाब अब्दुल्ला खां व्यापार के सिलसिले में भारत आए थे। इसी दौरान वह कोढ़ की बीमारी से पीड़ित हो गए। काफी उपचार के बाद भी आराम नहीं मिला।

बताया जाता है कि एक रात ककोड़ा देवी ने उन्हें स्वप्न में गंगा किनारे रहकर स्नान और पूजा करने का संकेत दिया। नवाब ने ऐसा ही किया और कुछ समय बाद बीमारी से राहत मिली। इसके बाद उन्होंने गंगा स्नान और पूजा की परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए मेले की शुरुआत कराई।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।