शादी समारोह में दुल्हन के भाई की करंट से मौत
रात भर अस्पताल में रहा शव घर पर चलती रहीं रस्में सुबह बहन की डोली विदा होने के बाद गांव पहुंचा शव
कासगंज, जागरण संवाददाता। गांव सिहोला में बहन के शादी समारोह में छोटे भाई के करंट लग गया। समारोह में अफरातफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। देर रात मौत की जानकारी होने पर भी घर पर महिलाओं को जानकारी नहीं दी। बहन की विदा होने के बाद में गांव में भाई का शव पहुंचा। पहले डोली एवं कुछ देर बाद अर्थी उठने का नजारा देख ग्रामीणों की भी आंखे नम हो गई। थाना ढोलना के गांव सिहोला निवासी चरन सिंह की बेटी गुडिया की शनिवार शाम शादी थी। अलीगढ़ से बरात आई थी। रात नौ बजे करीब दावत चल रही थी। परिजन भी व्यवस्थाओं में जुटे थे। इस दौरान चरन सिंह के 17 वर्षीय बेटा मनोहर बिजली के तार की चपेट में आ गया। दुल्हन के भाई को करंट लगने की जानकारी पांडाल में फैलते ही अफरातफरी मच गई। रिश्तेदार और ग्रामीण मनोहर को लेकर अस्पताल पहुंचे, यहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घर पर शादी की रस्में चल रही थी, इधर अस्पताल में भाई का शव रखा था। ऐसे में परिवार की महिलाओं को भी जानकारी नहीं दी। आनन-फानन में शादी की रस्में पूरी कर बहन की विदाई की गई। इसके बाद में परिजन शव को गांव ले गए। कुछ देर पहले जो ग्रामीण बेटी की विदाई में शामिल हुए थे, वही बेटे की अर्थी को कांधा देते नजर आए।
महिलाएं पूछती रहीं कैसी है हालत..:शादी की रस्मों को देखते हुए परिवार की कुछ महिलाओं को भी मनोहर की मौत की खबर नहीं दी। कई बार महिलाओं ने पूछा भी कैसी तबियत है तो जिन्हें पता था उन्होंने अस्पताल में है.। कहकर बात को काट दिया, ताकि शादी की रस्में पूरी हो जाएं।
सबसे बड़ा बेटा था मनोहर :
करंट से मृत मनोहर घर में सबसे बड़ा था। उसके दो छोटे भाई पुष्पेंद्र और भागीरथ हैं। दो बहनें हैं, जिनमें से एक की शादी पहले हो चुकी है तथा दूसरी की शादी रविवार को थी। घटना के बाद परिवार में मातम छाया हुआ है।