तबई तो दो सीटें हार गई भाजपा
बीजेपी के सदर विधायक देवेंद्र राजपूत और कार्यकर्ता के बीच बातचीत का ऑडियो वायरल हो गया है।
जासं, कासगंज: बीजेपी के सदर विधायक देवेंद्र राजपूत और कार्यकर्ता के बीच बातचीत का ऑडियो वायरल हुआ है, जिसमें विधायक मुख्यमंत्री एवं आरएसएस के सुनील बंसल को सर्वे सर्वा बता रहे हैं। इतना ही नहीं वे विधायकों की अनदेखी करने की बात कहते हुए है लोकसभा उप चुनाव में भाजपा की हार का भी यही कारण बता रहे हैं।
सदर विधायक के पास सोरों के भाजपा नगर उपाध्यक्ष ने फोन किया और सोरों के बिजली विभाग के उपखंडीय अधिकारी पर मनमानी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनता इनसे पीड़ित है और यह कब तक हट पाएंगे। इस पर विधायक ने कार्यकर्ता को संतोषजनक जबाव देकर कहा कि मैं क्या कर सकता हूं जिलाध्यक्ष से कहो या मुख्यमंत्री के पास सीधे मिलने चले जाओ। बातचीत के कुछ अंश
कार्यकर्ता: विधायक जी शहर में आलोचना हो रही है। एसडीओ मनमानी कर रहा है। जनता त्राहि त्राहि कर रही है।
विधायक: तुम्हारी सरकार में मेरे हिसाब से तो एसडीओ नहीं हटना चाहो तो जिलाध्यक्ष के अलावा मुख्यमंत्री से मिलो अगर वो हटा दें तो।
कार्यकर्ता: विधायक जी जैसे तलवार डाल रहे हैं तो फिर हम किससे कहेंगे।
विधायक: हमारी क्या प्रदेश के किसी भी विधायक की सरकार नहीं सुन रही। इस सरकार को दो लोग चला रहे है एक तो मुख्यमंत्री और एक आरएसएस के सुनील बंसल है। उन्हीं से कहो वही सब सुन रहे है।
कार्यकर्ता: विधायक जी हमें अपना चुनाव भी तो देखना है।
विधायक: मुझसे जो लिखवाना है वो लिखवा लो, काम कराते तो लोकसभा उप चुनाव में दो सीटें कैसे हार जाते। इसी कारण तो यह चुनाव हार गए। कुछ गलत नहीं कहा
मैने कुछ गलत नहीं कहा है। कार्यकर्ता एसडीओ को हटाने की कह रहा था, मैं झूठा आश्वासन नहीं दे सकता था।
देवेंद्र राजपूत, सदर विधायक
------
कार्यकर्ता पर होगी कार्रवाई
विधायक विधानसभा सदस्य हैं वे जिलाध्यक्ष के अधिकार क्षेत्र में नहीं आते। जिस कार्यकर्ता ने यह ऑडियो वायरल कर अनुशासनहीनता की है उस पर कार्रवाई होगी।
पूर्णेद्र सिंह सोलंकी, जिलाध्यक्ष।