सिढ़पुरा में भाजपा नेता के घर पर हंगामा, फायरिग
सिढ़पुरा संवाद सूत्र भाजपा नेता के भतीजे के पेट्रोल पंप पर बुधवार रात एक युवक व सेल्समैन में मारपीट हो गई।
सिढ़पुरा, संवाद सूत्र: भाजपा नेता के भतीजे के पेट्रोल पंप पर बुधवार रात एक युवक व सेल्समैन में मारपीट हो गई। युवक के स्वजन शिकायत करने भाजपा नेता के घर पहुंचे तो यहां हंगामा हो गया। भाजपा नेता के भतीजे ने तहरीर में फायरिग करने का आरोप लगाया है। फोर्स के साथ पहुंचे अधिकारियों ने मामला शांत कराया। पुलिस को गुरुवार शाम तक दूसरे पक्ष की तहरीर नहीं मिली थी।
घटनाक्रम रात आठ बजे का है। कस्बे में भाजपा नेता श्यामसुंदर गुप्ता के भतीजे रवीश का पेट्रोल पंप है। कस्बे के मुहल्ला पंतनगर निवासी प्रशांत गुप्ता साथियों के साथ बाइक में पेट्रोल भरवाने पहुंचा। यहां सेल्समैन आशुतोष यादव और प्रशांत में किसी बात को लेकर मारपीट हो गई।
इधर, प्रशांत के पिता अवधेश गुप्ता और चाचा मनोज कुछ लोगों के साथ भाजपा नेता श्याम सुंदर गुप्ता के घर शिकायत करने पहुंचे। यहां दोनों पक्षों में विवाद होने लगा। प्रशांत गुप्ता पक्ष पर फायरिग करने का भी आरोप है। आसपास के थानों की पुलिस लेकर एएसपी अनिल कुमार और अन्य अधिकारी पहुंच गए। अधिकारियों ने मामला शांत कराया। पुलिस ने रवीश की तहरीर पर प्रशांत, अवधेश, मनोज सहित 80-100 अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, फायरिग करने का मुकदमा दर्ज कराया है।
दूसरे पक्ष का प्रार्थना पत्र इंटरनेट मीडिया पर वायरल
अवधेश गुप्ता की ओर से थाना प्रभारी के नाम प्रार्थना पत्र इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें उन्होंने लिखा है कि पूरा पेट्रोल भरने की कहने पर सेल्समैन ने प्रशात से मारपीट की। प्रशात जब लौट रहा था तो रास्ते में रवीश गुप्ता, हनीश गुप्ता, प्रबल गुप्ता ने रोक लिया। उसका गला दबाया और थाने न जाने की धमकी दी। इसकी जानकारी मिलने पर हम श्यामसुंदर गुप्ता के यहां गए तो उन्होंने अपनी रायफल से उन पर फायर किया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि गुरुवार शाम तक दूसरे पक्ष की तहरीर नहीं मिली थी। बुधवार की रात सिढ़पुरा में विवाद की जानकारी मिली। पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित पक्ष की ओर से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- बोत्रे रोहन प्रमोद, एसपी