बंद मिले आंगनबाडी केंद्र
सोरों के बाल विकास परियोजना अधिकारी अजय कुमार ने गुरुवार को क्षेत्र के आधा दर्जन आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। इसमें आंगनबाड़ी केंद्र बंद मिले।
जासं, सोरों: सोरों के बाल विकास परियोजना अधिकारी अजय कुमार ने गुरुवार को क्षेत्र के आधा दर्जन गांवों के आंगनबाडी केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में सभी केंद्र बंद पाए गए। आंगनबाडी कार्यकर्ताओं के मानदेय काटे जाने की संस्तुति की गई है।
बाल विकास परियोजना अधिकारी ने क्षेत्र के गांव सलेमपुर बीबी भडपुरा, भाऊपुर, फतेहपुर कलां, तोलकपुर के आंगनबाडी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण को पहुंचे बाल विकास परियोजना अधिकारी ने पाया कि सभी केंद्र बंद है। आंगनबाडी कार्यकर्ता नदारद है। आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद करने की पूर्व में सूचना भी नहीं दी गई। बिना किसी पूर्व सूचना के आंगनबाडी केंद्र बंद करने पर कार्यकर्ताओं को दायित्व के प्रति सजग न रहने का दोषी मानते हुए बाल विकास परियोजना अधिकारी ने कार्यकर्ता गीता, गीता चौहान, नीरज, राजकिशोरी, रजनी, सुधा, सरोजा देवी, सविता का मानदेय काटे जाने की संस्तुति कर उच्चाधिकारियों को निरीक्षण आख्या प्रेषित की है। बाल विकास परियोजना अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि सभी केंद्र बंद थे। जिसकी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने पूर्व में कोई सूचना भी नहीं दी थी।