चक्रवात की गति तय करेगी बारिश के आसार
जागरण संवाददाता कानपुर देहात बंगाल की खाड़ी में
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात : बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का चक्रवात गहरे दबाव में तब्दील होकर मंगलवार को आंध्र प्रदेश के तट से टकराएगा, जिससे 14 व 15 अक्टूबर को बारिश की संभावना प्रबल हो जाएगी। निम्न दबाव जल्द ही मौसम में परिवर्तन के संकेत दे रहा है। हवाओं की गति सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।
अक्टूबर के दस दिन बीतने के बाद भी तापमान में ज्यादा कमी नहीं हो सकी है। पिछले एक सप्ताह से तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान में भी कोई गिरावट नहीं हुई है। चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार, तापमान पिछले वर्षो की तुलना में अधिक है। तेज धूप के कारण बढ़ी उमस व गर्मी से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, बंगाली की खाड़ी में निम्न दबाव से मौसम में परिवर्तन के आसार दिख रहे हैं। खाड़ी से चला निम्न दबाव गहरे दबाव में बदलकर सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक आंध्र प्रदेश के तटों को पार करेगा। हवाओं की गति भी 40-50 किमी प्रति घंटे तक रहेगी। मध्य उत्तर प्रदेश तक जितनी अधिक गति होगी, उसी के अनुसार बारिश की स्थिति भी निर्धारित होगी। मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन पांडेय सुनील बताते हैं कि आंध्र प्रदेश के तटों से टकराने के बाद दबाव की गति जितनी अधिक होगी, उतनी ही कानपुर व उसके आसपास के जिलों में बारिश की संभावना बढ़ेगी। यदि चक्रवाती क्षेत्र वहीं थम जाता है तो बारिश के आसार कम हो जाएंगे।