यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 21, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जिले में 20 दिनों में 235 किसानों से ही हो सकी धान की खरीद
जागरण संवाददाता कानपुर देहात खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में धान खरीद के लिए जिले में छह ए

जागरण संवाददाता, कानपुर देहात : खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में धान खरीद के लिए जिले में छह एजेंसियों के 47 केंद्र बनाए गए हैं। खरीद शुरू हुए 20 दिन का समय बीत चुका है, लेकिन अब तक खरीद की रफ्तार नहीं बढ़ सकी है। जिले में अब तक 235 किसानों से ही धान की खरीद हो सकी है।
जिले में धान खरीद एक नवंबर से शुरू हुई थी। धान खरीद के लिए शासन की ओर से खाद्य विभाग, भारतीय खाद्य निगम, उत्तर प्रदेश सहकारी संघ, उत्तर प्रदेश को आपरेटिव यूनियन, यूपीएसएस व मंडी परिषद के 47 केंद्र बनाए गए हैं, लेकिन 20 दिन गुजरने के बाद भी अब तक खरीद की रफ्तार नहीं बढ़ सकी है। शासन की ओर से नियमों में हुए परिवर्तन के बाद किसानों को धान बिक्री करने में समस्या का सामना करना पड़ रहा है। जिले में अब तक 1309 एमटी धान की खरीद की जा सकी है। वहीं कई केंद्र ऐसे भी हैं जो अब तक धान खरीद की बोहनी तक नहीं कर सके हैं। वहीं अकबरपुर मंडी में भी खरीद की रफ्तार नहीं बढ़ रही है। अधिकांश किसान की ओर से लाया जा रहा धान गुणवत्ताविहीन होने के कारण उनसे खरीद नहीं हो पा रही है। रूरा व अन्य केंद्र ऐसे हैं जहां बारदाना ही पूरा नहीं है ऐसे में भी खरीद प्रभावित हो रही है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिले में अब तक 235 किसानों से 1,309 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई है। बारिश के कारण धान में नमी की मात्रा अधिक है, जिससे गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।
