स्कूल में रोके गए परदेसी भागे, खतरा बढ़ा
स्कूल में रोके गए परदेसी भागे खतरा बढ़ा
संवाद सहयोगी, झींझक (कानपुर देहात) : सरकार और स्वास्थ्य विभाग के लगातार निर्देशों के बाद भी आम लोग समझने को तैयार नहीं हैं। बाहर से आए लोगों की जांच करने के बाद उन्हें उन्हीं के गांव के बाहर स्थित स्कूलों में ठहराया गया है। झींझक और संदलपुर ब्लॉक के कई स्कूलों से यह लोग भाग कर अपने घरों को पहुंच गए। मंगलवार की रात भी इसी तरह नसीरपुर गांव के लोग स्कूल से भाग कर घरों में चले गए। इस हरकत से गांव के अन्य लोगों को खतरा भी हो सकता है।
दूसरे प्रदेशों से झींझक व संदलपुर ब्लॉक के गांव आए करीब दो हजार लोगों को स्कूलों में रखा गया था। और उनके खाने की व्यवस्था भी की गई। उनसे कहा गया था कि 15 दिनों तक एकांत में रहें। ज्यादातर स्कूलों में रखे गए लोग अपने घरों में चले गए हैं। जिससे संक्रमण की आशंका भी प्रबल हो जाती है। झींझक ब्लॉक के नसीरपुर गांव में दूसरे प्रदेशों से आए 15 लोगों को स्कूल में रखा गया था। सभी घरों में चले गए हैं। कमोवेश लगभग गांवों में यही हाल हैं। झींझक व संदलपुर ब्लाक के पंचायत सचिव स्कूल से घरों में गए लोगों के खिलाफ नोटिस जारी करने की तैयारी कर रहे हैं। एडीओ पंचायत झींझक दिनेश चंद्र ने बताया कि स्कूलों में रोके गए सभी की रिपोर्ट पंचायत सचिवों से तलब की गई है। जो लोग स्कूल से घर गए हैं उनके खिलाफ तत्काल नोटिस जारी करने के आदेश दिए गए हैं।