गड्ढों में खोया नौ किलोमीटर लहरापुर-रसूलाबाद मार्ग
संवाद सहयोगी रसूलाबाद करीब नौ किलोमीटर लंबा लहरापुर रसूलाबाद मार्ग गड्ढों में गुम हो
संवाद सहयोगी, रसूलाबाद : करीब नौ किलोमीटर लंबा लहरापुर रसूलाबाद मार्ग गड्ढों में गुम हो गया है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भरने से लोगों को आवागमन में असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। वहीं लोगों को हादसे का डर भी सताता रहता है। जिम्मेदार अधिकारी व जनप्रतिनिधियों को कई बार अवगत कराने के बाद भी समस्या बरकरार है।
रसूलाबाद-लहरापुर मार्ग से कठारा, रामपुर, भारामऊ, नार खुर्द, नार खास, रनसिंहपुर, झींगापुरवा, जीतापुरवा, पाल नगर, यादव नगर, माधव नगर, शंकरपुर, ताजपुर, तरसौली गहिलू, बक्सहा, रंजीत पुरवा, बिचौलिया, सिंहुआभीरा, मलगुजरा, उसरी, रानाइटहा सहित क्षेत्र के करीब दो दर्जन गांव जुड़े हैं। इन गांव के लोगों को रसूलाबाद व लहरापुर जाने के लिए इसी मार्ग से गुजरना होता है। नौ किलोमीटर लंबे मार्ग पर कहीं भी मार्ग सुरक्षित नहीं रहा है, जबकि क्षेत्र के किसानों को औरैया मंडी जाने के लिए इसी मार्ग से आवागमन करना पड़ता है। वहीं जेपी कठारा इंटर कालेज व मां वैष्णो देवी डिग्री कालेज स्थित है, जिसके छात्र छात्राएं इसी मार्ग से गुजरते हैं। बदहाल मार्ग पर कई बार वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। जनप्रतिनिधियों के साथ ही विभागीय अधिकारियों को कई बार समस्या से अवगत कराने के बाद भी निस्तारण न होने से रोष है। क्षेत्र के प्रधान संघ ब्लाक प्रभारी सुभाष चंद्र त्रिपाठी, पूर्व ब्लाक प्रमुख विजय त्रिपाठी, अमित कुमार त्रिपाठी, अरविद यादव, सूर्यपाल यादव, हरी वर्मा, ग्राम प्रधान संजीव पाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य उदय प्रताप सिंह सेंगर मार्ग निर्माण की मांग उठाई है।