मिराज बरसाएगा रंग, होगी कलर सर्जिकल सट्राइक
जागरण संवाददाता कानपुर देहात सेना के शौर्य की गाथा अब रंग बिरंगे कलरफुल बाजार से लेक
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात: सेना के शौर्य की गाथा अब रंग बिरंगे कलरफुल बाजार से लेकर नन्हें मुन्नो की जुबान पर तैर रही है। आतंकियों को धूल चटाने वाले मिराज अब होली के त्योहार पर रंग बिखेरने को तैयार हैं। बच्चे भी इस तरह की पिचकारी को अधिक पसंद कर रहे हैं।
रंगों के पर्व होली को कुछ दिन ही हैं। घरों में तैयारी हो रही हैं। मिठाई के साथ नमकीन और अन्य पकवान घरों में बनाये जा रहे हैं। इन सबके बीच बच्चों का अलग ही रंग जमा है। कलर से रंगने को लेकर उत्साहित बच्चे मम्मी-पापा के साथ बाजार में नजर आने लगे हैं। तरह-तरह की डिजाइन वाली पिचकारी बहुत लुभा रही हैं। हर बार पिचकारियों की अलग डिजाइन होती हैं वैसे ही इस बार सेना के शौर्य को प्रदर्शित करतीं पिचकारियों की भरमार है। जिले के प्रमुख कस्बों में पिचकारियों, रंग व मुखौटों की दुकानें पूरी तरह पटी पड़ी हैं।
इंसेट) हर तरफ उत्साह का रंग
अकबरपुर, रूरा, झींझक, पुखरायां, रसूलाबाद, सिकंदरा, शिवली, डेरापुर व अमरौधा आदि नगरीय क्षेत्रों के अलावा राजपुर, मूसानगर, गजनेर, सरवनखेडा, रनियां, मैथा कहिजंरी, बनीपारा, मुगीसापुर, बरौर आदि कस्बों में रंग, मुखोटों व पिचकारी की दुकानें सज गई हैं। बाजार में 20 रुपये से लेकर 1000 रुपये तक की पिचकारियां उपलब्ध हैं। वाटर गन, प्रेशरगन, डस्टर पिचकारियों के अलावा हाथी, मछली, मगरमच्छ के आकार की भी पिचकारियां हैं। 50 से 75 रुपये की जहाज वाली पिचकारी मिल रही है।
इंसेट) सैनिक मुखौटा
मुखौटों की भी बिक्री हो रही है। योगी व मोदी के मुखौटों के साथ सैनिकों का लुक देने वाले मुखौटे बच्चों की पसंद बने हुए हैं। साथ ही खरगोश, डायनासोर, बंदर, शेर, जोकर आदि के मुखौटे भी बाजार में उपलब्ध हैं। 10 रुपये से 30 रुपये तक के मुखौटे बिक रहे हैं। रंगबिरंगी टोपियां भी खूब बिक रही हैं।