विवाहिता ने लगाई गुहार, मायका पक्ष दे रहा दहेज में फंसाने की धमकी
संवाद सहयोगी भोगनीपुर अभी तक ससुरालियों पर दहेज मांगने की घटनाएं सामने आती रही हैं। ज
संवाद सहयोगी, भोगनीपुर : अभी तक ससुरालियों पर दहेज मांगने की घटनाएं सामने आती रही हैं। जहां विवाहिता को परेशान किया जाता रहा और मुकदमे दर्ज हुए। लेकिन भोगनीपुर में विवाहिता उल्टा मायके पक्ष पर आरोप लगा रही कि वह लोग दहेज का फर्जी आरोप लगाकर ससुरालियों को फंसाने की धमकी दे रहे हैं। विवाहिता ने मायके पक्ष पर मुकदमा दर्ज कराया है।
कोतवाली के हांसेमऊ गांव निवासी रोहित की पत्नी पायल ने पुलिस को बताया कि उसका मायका मूसानगर थाना के जरसेन गांव में है। उसकी शादी इसी वर्ष 16 फरवरी को बिना दहेज के हांसेमऊ के रोहित के साथ हुई थी। ससुरालीजन उसे सही ढंग से रखते हैं, फिर भी मायके पक्ष के लोग ससुरालीजन को दहेज अधिनियम में फंसाने की आए दिन धमकी देते हैं। मायके पक्ष के लोग ससुरालीजन पर दहेज का मुकदमा लगाने का दबाव दे रहे हैं। 23 अक्टूबर को मायके जरसेन निवासी उसके बाबा चंदीलाल, मां राजकुमारी व भाई नीलू, नानी परहेरापुर निवासी रुक्मिणी, मामा संतोष व ममेरी बहन प्रीती घर पर आए और गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। लोगों के जुटने पर वह लोग वहां से भाग निकले। एसएसआइ दिनेश कुमार यादव ने बताया कि पायल की तहरीर पर मायके पक्ष के छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।