Move to Jagran APP

कानपुर देहात : किराये के मकान में अकेले रह रही महिला की हत्या, पति और बेटी से अलग रनियां में रहती थी

कानपुर नगर के कपिली गांव के हनुमंत नगर में रहने वाले पति और बेटी से अलग रनियां में किराये के मकान में महिला रह रही थी। बाहर दरवाजे पर लगा ताला तोड़कर मकान मालिक अंदर गए तो बिस्तर पर शव पड़ा देखकर सन्न रह गए।

By charutosh jaiswalEdited By: Abhishek AgnihotriSat, 26 Nov 2022 03:55 PM (IST)
कानपुर देहात : किराये के मकान में अकेले रह रही महिला की हत्या, पति और बेटी से अलग रनियां में रहती थी
कानपुर देहात के रनियां में महिला की गला दबाकर हत्या।

कानपुर देहात, जागरण संवाददाता। रनियां के शिवनगर में किराये पर रह रही महिला की गला दबाकर हत्या के बाद घर पर बाहर से ताला लगाकर हत्यारा फरार हो गया। मकान मालिक के पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई तो सनसनी फैल गई। पुलिस व फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की है।

कानपुर के पनकी गंगागंज कपिली हनुमंत नगर निवासी वीर सिंह की 45 वर्षीय पत्नी मुन्नी देवी रनियां के शिवनगर में जितेंद्र तिवारी के मकान में किराये पर अकेले रहती थी। शनिवार की दोपहर को जितेंद्र तिवारी मकान पर पहुंचे तो गेट पर ताला लगा देखकर संदेह हुआ। इसपर मकान के अंदर झांककर देखा तो मुन्नी देवी का चप्पल व सामान नजर आया।

अनहोनी की आशंका पर उन्होंने मोहल्ले के लोगों की मदद से ताला तोड़ा और अंदर गए तो बिस्तर पर मुन्नी देवी का शव पड़ा देखकर सन्न रह गए। मकान मालिक ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर आई पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की। प्राथमिक छानबीन में गला दबाकर हत्या की बात सामने आई है। डाग स्क्वाड भी पास की एक फैक्ट्री में जाने के बाद लौट आया।

पुलिस का अनुमान है कि फैक्ट्री का कोई कर्मी घटना में शामिल है। जानकारी मिलने पर आए पति वीर सिंह व बेटी काजल का रोकर बुरा हाल हो गया। सीओ प्रभात कुमार ने बताया कि जांच की जा रही है। महिला ने परिवार वालों से किसी अस्पताल में काम करने की जानकारी दी थी। अस्पताल का नाम नहीं पता चल सका है, जिसके बारे में पता लगाया जा रहा है।