कानपुर देहात: पैकेजिंग फैक्ट्री में 12 घंटे काम और ओवरटाइम का पैसा न देने पर श्रमिकों का प्रदर्शन, कामकाज ठप
कानपुर देहात के अकबरपुर स्थित स्पर्श लिमिटेड कंपनी में श्रमिकों ने 12 घंटे काम, ओवरटाइम और पीएफ/ईएसआई जमा न होने के विरोध में कार्य बहिष्कार कर दिया।

HighLights
स्पर्श लिमिटेड कंपनी में श्रमिकों ने किया कार्य बहिष्कार।
12 घंटे काम, ओवरटाइम और पीएफ/ईएसआई को लेकर विरोध।
आठ घंटे काम व ओवरटाइम की मांग पर उत्पादन ठप।
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात। अकबरपुर के कुंभी में स्पर्श लिमिटेड कंपनी की पैकेजिंग फैक्ट्री में मंगलवार को श्रमिकों ने कार्य बहिष्कार कर दिया। फैक्ट्री के गेट पर धरना देकर प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आठ घंटे काम, ओवरटाइम व अन्य मांग की है।
कर्मियों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन की ओर से उनसे 12-12 घंटे की ड्यूटी कराई जा रही है। इसके बावजूद अतिरिक्त समय का ओवरटाइम नहीं दिया जा रहा है। कंपनी में काम के दौरान हादसा होने पर भी उन्हें समुचित चिकित्सकीय सुविधा नहीं मिलती।
घायल होने की स्थिति में मजदूरों को अपने निजी खर्च पर इलाज कराना पड़ता है। यह भी आरोप लगाया कि उनके वेतन से पीएफ और ईएसआई की धनराशि काटी जाती है, लेकिन उसे समय से संबंधित खातों में जमा नहीं किया जा रहा है। इससे मजदूरों को भविष्य में मिलने वाले लाभों को लेकर भी चिंता बनी हुई है।
मंगलवार को आक्रोशित कर्मियों ने एकजुट होकर काम का बहिष्कार किया और कंपनी के मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गए। इस दौरान प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को पूरा किए जाने की मांग की।
बहिष्कार के कारण कंपनी का उत्पादन कार्य प्रभावित होकर पूरी तरह ठप हो गया। मजदूरों ने कहा कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता, तब तक वह आंदोलन जारी रखेंगे। पुलिस समझाने में जुटी है।
यह भी पढ़ें- कानपुर देहात में कोठरी गिरने से मां-बेटी की मौत, परिवार में मचा कोहराम
